नर्सिंग कालेज घोटाला भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ रहा, न्यायालय की निगरानी में हो जांच- कांग्रेस

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

कमल नाथ ने कहा- नर्सिंग कालेज घोटाला भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ रहा है।
पटवारी भर्ती और महाकाल लोक घोटाले में क्लीनचिट दी गई।
अरुण यादव ने कहा- यह स्पष्ट हो चुका है कि व्यापम महाघोटाले की जांच किस तरह हुई होगी।

भोपाल। नर्सिंग कालेज घोटाले में सीबीआइ के अधिकारी और कालेज प्रबंधन से जुड़े व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरा है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि नर्सिंग कालेज घोटाले में जिस तरह जांच के नाम पर खेल हुआ, उससे साफ है कि व्यापम, पटवारी भर्ती और महाकाल लोक घोटाले में क्लीनचिट दी गई। पार्टी ने उच्च न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि मध्य प्रदेश का नर्सिंग कालेज घोटाला भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ रहा है। अब यह साफ दिख रहा है कि राज्य और केंद्र की जांच एजेंसियों ने जांच के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया है।

इससे यह भी पता चलता है कि मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले में कैसे लीपापोती की गई होगी? पटवारी भर्ती घोटाले को कैसे क्लीन चिट मिली होगी? महाकाल लोक घोटाले के गुनहगारों को कैसे बचाया गया होगा? जांच में इस तरह का भ्रष्टाचार बिना ऊपर के संरक्षण के नहीं हो सकता। सच्चाई तभी सामने आ सकती है जब उच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए। उधर, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि नर्सिंग घोटाले में उच्च न्यायालय के निर्देश पर हुई सीबीआइ जांच की तस्वीर सामने आने के बाद अब यह स्पष्ट हो चुका है कि व्यापम महाघोटाले की जांच किस तरह हुई होगी। अब आवश्यक हो गया है कि उच्च न्यायालय संज्ञान लेकर नर्सिंग और व्यापम घोटाले की जांच करवाएं क्योंकि सबका विश्वास अब केवल न्यायपालिका पर ही है।

Leave a Reply