देश को बढ़ाना है तो तीसरी बार मोदी सरकार चाहिए- शिवराज

ओडिशा प्रादेशिक भोपाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

भोपाल। नवीन बाबू की सरकार आउटसोर्स सरकार बन गई है। नवीन बाबू झूठी ब्रांडिंग के फेर में हैं, इसलिए सड़क पर हर चौथा होर्डिंग उन्हीं का है। बीजेडी सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों को ओडिशा की पावन भूमि सौंपी है। देश को आगे बढ़ाना है तो केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार चाहिए। नरेन्द्र मोदी के 400 पार के संकल्प को पूरा करना है। यह बात मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के कटक में चार लोकसभा सीटों जगतसिंहपुर, कटक, जाजपुर और केंद्रपड़ा की क्लस्टर बैठक को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया। शिवराज ने कहा कि मैं मध्य प्रदेश का मामा हूं तो ओडिशा का भी मामा ही हूं। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ में होने हैं, लोकसभा चुनाव भी जीतेंगे और विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत प्राप्त कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे। एक दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचे शिवराज ने मंगलवार को प्रसिद्ध मां सरला मंदिर, मां चंडी मंदिर में पूजा अर्चना कर दर्शन किए। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गांव चलो अभियान के अंतर्गत दीवार लेखन कार्यक्रम में सहभागिता की, पौधारोपण, चाय पर चर्चा की और भाजपा कार्यकर्ता के घर भोजन भी किया। शिवराज ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग देश को जात-पात में बांटना चाहते हैं।

मोदी के तीसरे कार्यकाल में हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। जिन अंग्रेजों ने भारत पर राज किया आज भारत ने उनको भी पीछे छोड़ दिया है। महिलाओं के अत्याचार के मामले में ओडिशा शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। ओडिसा के विकास के लिए केंद्र व प्रधानमंत्री की जन-कल्याणकारी योजनाओं का भी ठीक ढंग से इम्प्लीमेंट नहीं किया जा रहा है। पैसा मोदी भेजते हैं और नवीन पटनायक अपना ठप्पा लगा देते हैं।

Leave a Reply