देश के कई राज्यों में बारिश से तबाही : हरिद्वार-ऋषिकेश रेल रूट पर लैंडस्लाइड, पंजाब में 296.4एमएम ज्यादा बारिश, हिमाचल में 824 सड़कें बंद

उत्तर प्रदेश उत्तराखंड जम्मू-कश्मीर देश/प्रदेश नई दिल्ली पंजाब भोपाल मध्‍य प्रदेश राजस्थान राष्ट्रीय हिमाचल प्रदेश

एजेंसी, नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ| उत्तराखंड में हरिद्वार-ऋषिकेश रेल रूट पर सोमवार सुबह काली मंदिर के पास लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर ट्रैक पर बने लोहे के स्ट्रक्चर पर गिरे। इसके कारण स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया। मलबा ट्रैक पर आ गिरा। अब रूट बाधित है। कई ट्रेनों को रोक गया है। ट्रैक से मलबा हटाया जा रहा है। इधर, राजस्थान में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति है। नदी-नाले ओवरफ्लो होने से आज 8 जिलों, उदयपुर, सलूंबर, जालोर, डूंगरपुर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में स्कूल बंद हैं। पंजाब के 23 जिलों के करीब 2 हजार गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इनकी 3 लाख 84 हजार की आबादी प्रभावित है। 12 जिलों के 46 लोगों की बाढ़-बारिश में जान गई।

12 दिन बाद आज राज्य के सभी जिलों में स्कूल-कॉलेज खुले हैं। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में हालात बिगड़े हैं। राधा वल्लभ मंदिर में पानी भरा है। बांके बिहारी मंदिर से 100 मीटर दूर बाढ़ का पानी बह रहा है। राज्य में अब तक 644.9एमएम बारिश हुई है, जबकि यहां औसत बारिश का आंकड़ा 641.4एमएम है।हिमाचल प्रदेश में 2 नेशनल हाईवे समेत 824 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें ज्यादातर सड़कों को बंद हुए 10 दिन हो चुके हैं। राज्य में इस सीजन में सामान्य से 45% ज्यादा बारिश हो चुकी है। 1 जून से 7 सितंबर के बीच 652.1एमएम सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 948.5एमएम बारिश हुई है।

उत्तर प्रदेश : कानपुर में बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव
कानपुर में बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया। इस दौरान आरटीओ ऑफिस के सामने के रास्ते में खड़ी बाइक और स्कूटी के टायर आधे डूब गए।

पंजाब : अबोहर में बारिश से मकान की छत गिरी                                                                                                                                                                            फाजिल्का जिले के अबोहर में लगातार हो रही बारिश के कारण मकानों की छतें गिरने का सिलसिला जारी है। ईदगाह बस्ती में एक और हादसा हुआ। स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है, क्योंकि मामले की सूचना पाकर कोई भी अधिकारी व कर्मचारी घटना स्थल का जायजा लेने के लिए नहीं पहुंचा।

राजस्थान : अजमेट में टापू बने गांव से गर्भवती का रेस्क्यू
अजमेर के सावर उपखंड के चिकल्या और लोधा का झोपड़ा गांव बारिश के कारण पिछले एक सप्ताह से टापू बने हुए हैं। गांव के चारों तरफ के रास्तों पर बिसुन्दनी और नाहर सागर बांध का पानी तेज बहाव से बह रहा है। इस वजह से रास्तों पर बनी रपट भी क्षतिग्रस्त हो गई है‌। एसडीआरएफ की टीम 500 मीटर नाव के जरिए बांध से होकर गांव पहुंची और एक गर्भवती महिला को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाया गया है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर पुलिया निर्माण और उपस्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की है।

राजस्थान : उदयपुर में बुजुर्ग बहा
उदयपुर के सायरा क्षेत्र में तिरोल के बोरमचा पुलिया से सोमवार को एक बुजुर्ग पानी में बह गए। जालूराम गमेती (60) पुलिया पार कर रहे थे। इसी दौरान वह बह गए। वहां खड़े लोगों ने शोर भी मचाया, लेकिन पानी के तेज बहाव में वे बह गए। घटना का वीडियो सामने आया है।

हरियाणा : फतेहाबाद में बारिश के पानी से घर में दरारें पड़ीं
फतेहाबाद में बारिश के पानी से घर में दरारें पड़ गई हैं। ऐसे में लोगों को डर सता रहा है कि कहीं मकान ढह न जाए।

पंजाब के फाजिल्का में एनडीआरएफ रेस्क्यू में जुटी, 2000 लोगों को बचाया
पंजाब के फाजिल्का ज़िले के बाढ़ग्रस्त गांवों में एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत व बचाव कार्य कर रही हैं। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर शिव कुमार सिंह ने बताया कि दो टीमें बठिंडा एनडीआरएफ से और दो टीमें लुधियाना बटालियन से लगी हुई हैं। लगभग 15 से 20 गाँंव प्रभावित हुए हैं। अब तक करीब 2000 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। हम रोजाना राशन, खाद्य सामग्री और पशुओं के लिए चारा भी वितरित कर रहे हैं।

Leave a Reply