एजेंसी, भोपाल, सतपुड़ावाणी। मध्य प्रदेश में बीजेपी की नई टीम को लेकर बड़ी खबर है, बताया जा रहा है कि दिवाली से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई टीम का ऐलान हो सकता है, क्योंकि नई कार्यकारिणी में जिन नामों को शामिल किया जाना था, उन पर मंथन पूरी हो गया है. हाल ही में सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मुलाकात कर नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा की थी, जिसके बाद लिस्ट तैयार हो चुकी है, जिसे केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेजा गया है. दिल्ली से मंजूरी मिलने के बाद हेमंत खंडेलवाल अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं. क्योंकि हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले हुए जल्द ही 100 दिन पूरे करने वाले हैं, लेकिन उनकी नई टीम का ऐलान अब तक नहीं हुआ है, ऐसे में अब जल्द ही ऐलान हो सकता है.
हेमंत खंडेलवाल की टीम में 70 प्रतिशत नए चेहरे
खास बात यह है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम से हेमंत खंडेलवाल की टीम बिल्कुल अलग हो सकती है, उनकी टीम में 70 प्रतिशत चेहरे बिल्कुल नए हो सकते हैं, यानि प्रदेश उपाध्यक्ष से लेकर महामंत्री तक के चेहरे इस बार बदलने वाले हैं. दरअसल, वीडी शर्मा की टीम में शामिल ज्यादातर चेहरों को दूसरी जिम्मेदारी मिल चुकी है, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अब सांसद बन चुके हैं, जबकि महामंत्री और प्रदेश मंत्रियों को भी दूसरी जिम्मेदारियां मिल चुकी हैं. वीडी शर्मा की टीम के 16 पदाधिकारी सांसद और विधायक बन चुके हैं. ऐसे में हेमंत खंडेलवाल की टीम बिल्कुल नई दिखने वाली है, क्योंकि हेमंत खंडेलवाल ने अलग-अलग जिलों में लगातार नेताओं से मुलाकात की है, ऐसे में बीजेपी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिवाली के पहले ही बीजेपी मध्य प्रदेश में नई कार्यकारिणी क ऐलान कर सकती है.
दिग्गजों की हो सकती है वापसी
माना जा रहा है कि हेमंत खंडेलवाल की टीम में बीजेपी के पुराने नेताओं की वापसी संगठन में हो सकती है, क्योंकि वीडी शर्मा की टीम भी बिल्कुल नई बनी थी, जिसमें कुछ सीनियर नेताओं को अलग रखा गया था, जो वापस संगठन में आ सकते हैं, इनमें आशुतोष तिवारी, शैलेंद्र बरुआ, जितेंद्र लिटोरिया, श्याम महाजन, केशव सिंह भदौरिया, जयपाल चावड़ा जैसे सीनियर नेता फिर से संगठन में वापसी कर सकते हैं, दरअसल, इन नेताओं को निगम मंडलों में भेजा गया था, ऐसे में राजनीतिक जानकार मानकर चल रहे हैं कि इन नेताओं की फिर से संगठन में वापसी होगी और उनकी जगह नए नेताओं को निगम मंडलों में जगह दी जा सकती है.
ये नेता बन चुके हैं सांसद-विधायक
एमपी बीजेपी के किसान मोर्चा के अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी नर्मदापुरम से लोकसभा सांसद बन चुके हैं, इसी तरह बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष माया नारोलिया राज्यसभा सांसद बन चुकी है, जबकि प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार राज्यसभा सांसद और लता वानखेड़े सागर से लोकसभा सांसद बन चुकी हैं. प्रदेश उपाध्यक्ष ललिता यादव और चिंतामणि मालवीय विधायक बन चुके हैं, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा बाल्मिकी भी राज्यसभा सांसद बन गई हैं, प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, हरिशंकर खटीक और मनीषा सिंह भी विधायक बन चुकी हैं. ऐसे में बीजेपी इन नेताओं की जगह अब नए नेताओं को मौका दे सकती है.
यहां भी होगा बदलाव
इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों का बदलना भी तय माना जा रहा है, युवा मोर्चा की जिम्मेदारी फिलहाल वैभव पंवार के पास है, ऐसे में उनकी जगह किसी और युवा नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. बीजेपी ने कई जिलों में कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है. ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही पार्टी नई कार्यकारिणी का ऐलान भी कर देगी.


