दिल्ली में सुबह कोहरा छाया, न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

 राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार की सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लगातार बारिश होने के बाद घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 20.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

राष्ट्रीय राजधानी में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2017 के बाद से अब तक अप्रैल में सर्वाधिक 20 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गयी है। दिल्ली में मई में औसतन 29.4 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस वर्ष महीने के पहले तीन दिन में 36 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

मौसम विभाग के अनुसार आज शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस बीच, विभाग ने शुक्रवार से फिर से बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ के 05 मई से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से राजधानी के आसमान में 07 मई तक बादल छाये रहेंगे और छिटपुट बारिश होने के आसार है।

Leave a Reply