भोपाल : मध्य प्रदेश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठक के बाद नई दिल्ली में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब एक घंटे चली। सीएम ने अपने दिल्ली दौरे से नौकरशाहों को भी दूर रखा। सीएम के इस अचानक दौरे पर उनके करीबियों का कहना है कि वे निजी यात्रा पर दिल्ली गए थे। इससे पहले 26 जुलाई की रात को अतिम शाह ने राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश के आला नेताओं के साथ अहम बैठक की थी। शाह के साथ हुई बैठक के अगले ही दिन गुरुवार रात (27 जुलाई) को सीएम शिवराज अचानक दिल्ली पहुंच गए।
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार शाम को शिवराज कटनी जिले में विकास पर्व के कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इसके बाद वे राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सीएम रात सवा नौ बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे वसंत कुंज स्थित मध्य प्रदेश सरकार के गेस्ट हाउस मध्यांचल भवन पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, संघ के सीएम शिवराज की सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले से मुलाकात के समय संघ के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे। नेताओं की यह बैठक करीब घंटे तक चली। इसके बाद सीएम सीधे एयरपोर्ट रवाना हो गए। उनका विमान पौने ग्यारह बजे भोपाल के लिए रवाना हुआ।
इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं। वे शनिवार शाम पांच बजे भोपाल पहुंचेंगे। शाह चुनिंदा नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। रात को भोपाल में ही ठहरने के बाद सुबह इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर में वे भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पहुंचकर ब्राह्मण वर्ग को साधने की कोशिश करेंगे। 18 दिन के अंदर अमित शाह का यह तीसरा दौरा होगा। रविवार को वे भोपाल के मिंटो हॉल में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। यह मध्य प्रदेश में दोनों ही प्रमुख पार्टियों के किसी भी राष्ट्रीय स्तर के नेता की पहली प्रेस कांफ्रेंस होगी। इस वजह से इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।


