एजेंसी, बैंकॉक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को छठे बिम्सटेक (बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे, जहां उपप्रधानमंत्री सूर्या जुंग रुंगरींगकिट ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। थाईलैंड की अपनी यात्रा के दौरान वह अपनी समकक्ष पैंटोगटार्न शिनावात्रा के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बैंकॉक, थाईलैंड पहुंच गया हूं। आगामी आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने तथा भारत एवं थाईलैंड के बीच सहयोग के बंधन को मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।’’ हां के डॉन मुआंग हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर सिख समुदाय के लोगों ने भांगड़ा किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘साझा सभ्यतागत संबंध वाले विशेष समुद्री पड़ोसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आधिकारिक यात्रा पर जीवंत सांस्कृतिक शहर बैंकॉक पहुंचे।
उपप्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री सूर्या जुंगरुंगरींगकिट ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पैंटोगटार्न शिनावात्रा के साथ प्रधानमंत्री मोदी की व्यापक चर्चा होगी और छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। थाईलैंड की यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री श्रीलंका जाएंगे, जो देश में नए राष्ट्रपति के चुनाव के बाद उनकी पहली यात्रा होगी। बृहस्पतिवार शाम को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में थाईलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमा और भूटान के बिम्सटेक नेताओं के साथ समुद्री सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और म्यांमा के सैन्य नेता मिन आंग हलिंग सहित अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। भारत से थाईलैंड के लिए प्रस्थान करते समय अपने वक्तव्य में मोदी ने बिम्सटेक को पिछले दशक में बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में क्षेत्रीय विकास, संपर्क और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया था।
थाईलैंड में पीएम मोदी ने देखा रामायण का थाई संस्करण ‘रामकियेन’, शिनावात्रा के साथ की वार्ता
बैंकाक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को थाईलैंड की अपनी समकक्ष पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। पीएम मोदी आज छठे बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे, जिसके बाद उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। उन्होंने रामकियेन – थाई रामायण की मनमोहक प्रस्तुति भी देखी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विशेष औपचारिक स्वागत। थाईलैंड की प्रधानमंत्री ने आज बैंकॉक के गवर्नमेंट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।”
उन्होंने कहा, “दोनों नेता भविष्य में भारत-थाईलैंड साझेदारी का मार्ग प्रशस्त करने के लिए व्यापक चर्चा करेंगे।” प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने बैंकॉक पहुंचने के बाद रामकियेन की प्रस्तुति देखी। पीएमओ ने कहा कि यह भारत और थाईलैंड के बीच समृद्ध सभ्यतागत संबंधों को प्रदर्शित करता है। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एक अद्वितीय सांस्कृतिक जुड़ाव! थाई रामायण, रामकियेन की मनोरम प्रस्तुति देखी। यह वास्तव में शानदार अनुभव था, जिसमें भारत और थाईलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।” उन्होंने कहा, “रामायण वास्तव में एशिया के कई हिस्सों में दिलों और परंपराओं को जोड़ती है।”


