एजेंसी, त्रिशूर। त्रिशूर फैक्ट्री धमाका : केरल के त्रिशूर जिले में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। मुण्डाथिकोड क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय फैक्ट्री परिसर में बने शेड में लगभग 40 लोग काम कर रहे थे।
തൃശൂരിലെ പടക്ക നിർമാണശാലയിലുണ്ടായ അപകടത്തിൽ നിരവധി ജീവനുകൾ പൊലിഞ്ഞ വാർത്തയറിഞ്ഞതിൽ ദുഃഖമുണ്ട്. പ്രിയപ്പെട്ടവരെ നഷ്ടപ്പെട്ടവരുടെ വേദനയിൽ പങ്കുചേരുന്നു. പരിക്കേറ്റവർ എത്രയും വേഗം സുഖം പ്രാപിക്കട്ടെ: പ്രധാനമന്ത്രി @narendramodi.
— PMO India (@PMOIndia) April 21, 2026
मंदिर उत्सव के लिए बन रहे थे पटाखे
यह दुर्घटना उस समय हुई जब आगामी ‘त्रिशूर पूरम’ उत्सव के लिए एक मंदिर देवस्वम की ओर से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। विस्फोट दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ और धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुख्य विस्फोट के बाद भी काफी देर तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे, जिससे राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों को मौके पर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग को मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार के लिए यदि आवश्यक हो, तो बाहरी विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली जाए। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज और जनरल अस्पताल को अलर्ट पर रखते हुए घायलों के लिए विशेष वार्ड और अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं।
मलबे से निकाले जा रहे शव और घायल
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, घटनास्थल से अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई शवों के अंग इधर-उधर बिखरे मिले। स्थानीय निवासियों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में पुलिस और प्रशासन की मदद की। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी के कारण बारूद में आग लगने से यह हादसा हुआ होगा, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
त्रिशूर जिला कलेक्टर ने इस पूरी घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। सब-कलेक्टर को इस बात की विस्तृत जांच करने को कहा गया है कि विस्फोट कैसे हुआ और क्या वहां सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था। इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी ट्वीट कर हादसे पर शोक जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


