ट्रंप-पुतिन बातचीत ‘टलते’ ही रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, बच्चों समेत 7 लोगों की मौत

अंतर्राष्ट्रीय यूक्रेन रूस

एजेंसी, कीएव। यूक्रेन पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो बच्चों समेत कम से कम सात लोग मारे गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक़ यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीएव में एक किंडरगार्टन पर हमला हुआ और राजधानी कीएव में भी भारी नुक़सान हुआ. इससे कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह अब बुडापेस्ट में रूसी राष्ट्रपति से नहीं मिलना चाहते. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने ताज़ा हमलों की आलोचना करते हुए कहा कि अब भी रूस पर जंग रोकने के लिए पर्याप्त दबाव नहीं डाला गया है. मारे गए लोगों में 36 साल की एक महिला, छह महीने का एक बच्चा और 12 साल की एक लड़की शामिल थी. ये सभी लोग रूसी हमले के वक़्त कीएव के बाहरी इलाक़े में स्थित अपने घर पर थे. खारकीएव के अधिकारियों ने बताया कि शहर में एक किंडरगार्टन (प्री-स्कूल) पर ड्रोन हमले में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हुए.

घायलों में छह बच्चे भी शामिल हैं. अधिकारियों ने कहा कि कई बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. यूक्रेन की वायु सेना के मुताबिक़ रूस ने 405 ड्रोन और 28 मिसाइलें दागीं, जिनमें से 15 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं. कीएव में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की चेतावनी जारी होती रही. जगह-जगह धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं. सुबह तक बचाव दल आवासीय इमारतों में लगी आग बुझाने में जुटे रहे. पूरे यूक्रेन में रूसी हमलों ने एक बार फिर ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया, जिसके चलते कई इलाकों में आपातकालीन बिजली कटौती लागू करनी पड़ी. कीएव की एक सांसद, इनना सोवसुन ने बीबीसी के ‘न्यूज़डे’ प्रोग्राम को बताया कि हवाई हमले पूरी रात चलते रहे. उनका कहना था कि ये हमले बिजली की सप्लाई को निशाना बनाने के लिए किए जा रहे थे. उन्होंने कहा, “हमें बिजली और पानी की सप्लाई बंद हो गई थी. ”

Leave a Reply