टीकमगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी के घर असम पुलिस का छापा, बेटे से 4 घंटे पूछताछ

भोपाल मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

टीकमगढ़। विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच ही टीकमगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह बुंदेला के घर पर गुरुवार की सुबह असम पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। इससे कांग्रेसियों में हड़कंप मच गया। असम पुलिस की चार सदस्यीय टीम के पहुंचते ही कोतवाली टीआइ आनंद राज दलबल के साथ पहुंचे और उनके घर को चारों तरफ से घेर लिया। पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। इस दौरान असम पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह बुंदेला के बेटे शास्वत सिंह बुंदेला से घर में ही बंद कमरे में चार घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह बुंदेला नजर नहीं आए, लेकिन बाद में उन्होंने अपना पक्ष रखा। फिलहाल पूछताछ के बाद असम पुलिस वापस लौट गई है।

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने जारी किया सर्च वारंट
गौरतलब है कि 63 करोड़ रुपये के आटोनामस काउंसिल घोटाले का एक मामला असम में चल रहा है, जिसमें पांच आरोपित बनाए गए हैं। इनमें कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह बुंदेला के बेटे शास्वत सिंह बुंदेला भी शामिल हैं। असम से आए सीआइडी इंस्पेक्टर उत्तम डोले ने बताया कि घोटाले के मामले में पूछताछ करने आए थे और शास्वत का मोबाइल, पैन कार्ड और आधार कार्ड जब्त कर लिया है। यहां घोटाले से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले है। इस मामले में गुवाहाटी हाईकोर्ट ने सर्च वारंट जारी किया है। उत्तम डोले के अनुसार, दिल्ली की सबरवाल ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला साल 2022 का है।

विधानसभा चुनाव को लेकर कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा देशभर में कांग्रेसियों पर इस प्रकार की कार्रवाई करा रही है, ताकि कांग्रेसियों की बदनामी हो सके। मेरे यहां पर गुरुवार को सुबह असम पुलिस की टीम आई और पूरे घर में चेकिंग की, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। हमने पूरा सहयोग करते हुए उनके मांग अनुसार दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं।

Leave a Reply