टाइगर स्टेट में बाघों की सुरक्षा चुनौती… छह माह में 29 बाघों की मौत, पांच साल में 237

देश/प्रदेश नई दिल्ली प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मध्य प्रदेश में बाघों की मौत से बढ़ रही लगातार चिंता।
प्रदेश में हर महीने हो रही पांच बाघों की मौत ने बढ़ाई चिंता।
पांच साल में 237 तो बीते छह माह में 29 बाघों की हो चुकी है मौत।

एजेंसी, भोपाल| देश में सबसे ज्यादा बाघ मध्य प्रदेश के जंगलों में पाए जाते हैं। इसी कारण राज्य को टाइगर स्टेट कहा जाता है। बाघों की बढ़ती संख्या के साथ ही उनकी सुरक्षा और संरक्षण बड़ी चुनौती बन गई है। पिछली बाघ गणना के अनुसार प्रदेश में 785 बाघ हैं और नए आंकड़े आने पर यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, बाघों की संख्या जितनी तेजी से बढ़ी है, उतनी ही तेजी से उनकी मौतें भी हो रही हैं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के केवल छह माह में ही 29 बाघों की मौत हो चुकी है। यानी औसतन हर महीने पांच बाघों की जान जा रही है। इनमें से प्रदेश के पांच टाइगर रिजर्व में 15 और रिजर्व के बाहर 14 बाघों की मौत हुई। वहीं, पूरे देश में इस वर्ष अब तक 108 बाघों की मौत दर्ज की गई है।

चुनौती क्यों बढ़ रही है?
भारत सरकार बाघ संरक्षण के लिए राष्ट्रीय उद्यानों और टाइगर रिजर्व को तो बजट देती है, लेकिन खुले जंगलों में विचरण करने वाले बाघों के लिए कोई खास प्रावधान नहीं है। यही कारण है कि रिजर्व के बाहर बाघों की मौतें अधिक होती हैं। बाघों की संख्या बढ़ने से जंगलों में टेरिटरी का दायरा कम हो रहा है। टेरिटरी को लेकर आपसी संघर्ष बढ़ रहा है। इस साल एक दर्जन से अधिक बाघ आपसी संघर्ष में मारे गए हैं। विशेषज्ञ लगातार जंगलों के बीच कारिडोर विकसित करने की वकालत कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय शिकारी गिरोह सक्रिय

कई बाघों की मौत शिकारियों के फंदे या बिजली का करंट लगाने से हुई है। अंतरराष्ट्रीय शिकारी गिरोह भी सक्रिय हैं। हाल ही में वन विभाग ने ऐसे गिरोहों को पकड़ा है और पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। इनके पास से बाघों के अंग भी बरामद हुए हैं।

आंकड़े :

पिछले पांच साल में मप्र में 2,28,812 वन अपराध के प्रकरण दर्ज हुए।
एनटीसीए के अनुसार, बीते साढ़े पांच साल में मप्र में 237 बाघों की मौत हुई।
वर्ष 2012 से जून 2025 तक कुल 384 बाघ मारे गए।
इस वर्ष राज्यवार बाघों की मौत (एनटीसीए आंकड़े)

मध्य प्रदेश – 29
महाराष्ट्र – 28
असम – 10
कर्नाटक – 10
केरल – 9
उत्तराखंड – 7

अधिकारियों के बयान : सुभरंजन सेन, मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक, मप्र ने कहा कि “बाघों की औसतन संख्या के अनुपात में मौतों का आंकड़ा बहुत कम है। मौतें ज्यादातर प्राकृतिक हैं। मध्य प्रदेश बाघों के लिए अनुकूल है। राज्यों के साथ समन्वय बनाकर बाघों की निगरानी की जा रही है।”…… जसबीर सिंह चौहान, सेवानिवृत्त मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक, मप्र का कहना है कि “बाघ संरक्षण में मध्य प्रदेश अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। मृत्यु दर पर चर्चा करते समय शावकों की संख्या को नहीं भूलना चाहिए। अप्राकृतिक मौतों को रोकने पर ध्यान देना होगा।”

Leave a Reply