पीएम मोदी और जर्मन चांसलर ने जारी किया साझा बयान : आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने का लिया संकल्प

पीएम मोदी और जर्मन चांसलर ने जारी किया साझा बयान : आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने का लिया संकल्प

गुजरात देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद साझा बयान जारी किया। मीडिया को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने तकनीकी, रणनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। दोनों ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

मर्ज का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत जर्मनी के साथ अपनी दोस्ती और पार्टनरशिप को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। गुजरात में हम कहते हैं ‘आवकारो मिठो आपजे रे’- यानी स्नेह और आत्मीयता से आपका स्वागत करते हैं। इसी भावना के साथ, हम चांसलर का भारत में दिल से स्वागत करते हैं।” प्रधानमंत्री और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की उपस्थिति में भारत और जर्मनी के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए गए। पीएम मोदी ने कहा, “हम एकमत हैं कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए एक गंभीर खतरा है। भारत और जर्मनी इसके विरुद्ध एकजुट होकर पूरी दृढ़ता से लड़ाई जारी रखेंगे। भारत और जर्मनी सहमत हैं कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार अत्यंत महत्वपूर्ण है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए जी4 के माध्यम से हमारा संयुक्त प्रयास इसी सोच का प्रमाण है।” प्रधानमंत्री ने चांसलर की यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “चांसलर मर्ज की ये यात्रा एक विशेष समय पर हो रही है। पिछले वर्ष हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे किए और इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष भी मना रहे हैं। ये माइलस्टोन केवल समय की उपलब्धियां नहीं हैं, ये हमारी साझा महत्वाकांक्षाओं, परस्पर विश्वास और निरंतर सशक्त होते सहयोग के प्रतीक हैं…भारत और जर्मनी जैसे देशों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच करीबी सहयोग पूरी मानवता के लिए महत्वपूर्ण है।” उन्होंने आगे कहा, “भारत और जर्मनी के बीच तकनीकी सहयोग प्रति वर्ष मजबूत हुआ है, और आज इसका प्रभाव जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत और जर्मनी की प्राथमिकताएं समान हैं।” इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच गांधीनगर के महात्मा मंदिर कनवेंशन सेंटर में द्विपक्षीय वार्ता हुई।

ये भी पढ़े : वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में नहीं चलेगा वीआईपी या इमरजेंसी कोटा

अहमदाबाद में हुआ अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का हुआ आगाज, पीएम मोदी-जर्मन चांसलर ने लिया पतंगबाजी का आनंद 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया और बाद में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ पतंगबाजी का आनंद लिया। साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज साबरमती रिवरफ्रंट गए, जहां राज्य सरकार ने पतंग महोत्सव का आयोजन किया है। कार्यक्रम स्थल पर मोदी और मर्ज ने महिला कारीगरों से बातचीत की और पतंग बनाने की प्रक्रिया को समझा। उद्घाटन के बाद दोनों नेताओं ने खुले वाहन में सफर किया और पतंग भी उड़ाई।

गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, 50 देशों के 135 पतंगबाज और भारत से लगभग 1,000 पतंग प्रेमी अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2026 में भाग ले रहे हैं। इसमें कहा गया है कि महोत्सव के रूप में पतंगबाजों ने पिछले दो दिनों के दौरान राजकोट, सूरत, धोलावीरा (कच्छ में) और ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ (नर्मदा) जैसी जगहों का दौरा किया है और आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। अहमदाबाद में यह महोत्सव 14 जनवरी तक जारी रहेगा। पिछले साल इस महोत्सव ने पूरे गुजरात में 3.83 लाख से अधिक आगंतुकों को आकर्षित किया था। ‘अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव’ के माध्यम से गुजरात पर्यटन आगंतुकों को धोलावीरा और ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ जैसे प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित कर रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस साल अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव देखने के लिए पांच लाख से अधिक पर्यटकों के गुजरात आने की उम्मीद है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply