जबलपुर की नवनिर्मित होटल में गैस पाइप लाइन टेस्टिंग के दौरान ब्लास्ट, 1 युवती की मौत, 7 लोग घायल

जबलपुर प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

जबलपुर| जबलपुर जिले में शनिवार को एक आलीशान होटल में भीषण धमाका हुआ। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होटल वेलकम के दूसरे फ्लोर की किचन में हुआ, जहां निर्माण का काम चल रहा था। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। होटल निर्माणाधीन है कुछ महीनों में ही इसका उद्घाटन होने वाला था। घटना पर सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतक के परिजनों को 4 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

गैस पाइप लाइन टेस्टिंक के दौरान हुआ हादसा
होटल जबलपुर-नागपुर रोड में तिलवारा पुल के पास बनी स्थित है। शनिवार को कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही थी इसी दौरान शाम 4 बजे होटल के सेकंड फ्लोर पर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। घटना में जागृति नाम की एक युवती की मौत हो गई। वहीं 7 लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि होटल के किचन में गैस पाइप लाइन की टेस्टिंग के दौरान धमाका हुआ। घायलों की पहचान भूपेंद्र कुमार, अनिल कुमार, अभिषेक सिंह, सोनम बावरिया, भूम सिंह, पुनीत सक्सेना और एक अन्य के रूप में हुई है।

50% तक झुलसे 6 लोग

एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि धमाका फायर के लिए लगाई गई पाइपलाइन या सिलेंडर में आग लगने से हुआ है। एक व्यक्ति को झुलसने के साथ सिर पर भी चोट आई है। वहीं 6 लोग 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। होटल प्रबंधन ने अभी तक घटना की कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस धमाके की असल वजह की जांच कर रही है।

Leave a Reply