छग सरकार और सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 2.54 करोड़ के इनामी 66 माओवादियों का समर्पण

छत्तीसगढ़ नई दिल्ली रायपुर राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में गुरुवार को 2.54 करोड़ के इनामी 66 माओवादियों ने समर्पण कर दिया। इनमें 25 लाख का इनामी माओवादी स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (एसजेडसीएम) रामन्ना ईरपा उर्फ जगदीश भी शामिल है। जगदीश ओडिशा राज्य सब जोनल ब्यूरो का प्रमुख था। बीजापुर में 25, दंतेवाड़ा में 15, कांकेर में 13, नारायणपुर में आठ व सुकमा के पांच सक्रिय माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी कर ली। बस्तर रेंज में पिछले 18 महीनों में कुल 1,570 माओवादियों ने समर्पण किया है। नारायणपुर में समर्पण करने वाली माओवादी रीना कुर्साम ने कहा कि उसका सपना है कि उसकी एक बेटी हो और वो बड़ी होकर शिक्षक बने और दुनिया को शांति का पाठ पढ़ाए। माओवादी लखमा लेकाम की माओवादियों ने नसबंदी करा दी थी। सरकार से आर्थिक सहायता प्राप्त करके उपचार के बाद वह पिता बनना चाहता है, ताकि सुख और शांति के साथ अपने परिवार के साथ जी सके। वहीं, आठ लाख रुपये के इनामी माओवादी हिमांशु मिड़ियाम ने इसलिए आत्मसमर्पण किया, ताकि वो भी माओवादी हिंसकों के आदिवासी विरोधी कृत्यों को उजागर करके अपने जनजातीय लोगों को अच्छी जिंदगी के लिये प्रेरित कर सके। आईजी सुंदरराज ने कहा कि माओवादी संगठन को लगातार नुकसान हो रहा है और शीर्ष कैडर कमजोर हो चुका है। आने वाले समय में और भी माओवादी हथियार डालेंगे।

Leave a Reply