एजेंसी, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक निर्माणाधीन सोसाइटी के 60 फुट गहरे बेसमेंट की मिट्टी ढहने से मलबे में दबकर सात मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली इलाके में स्थित ‘सिग्नेचर ग्लोबल’ की एक निर्माणाधीन परियोजना में हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे अभी भी करीब दस लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुँच गईं। जिला अस्पताल के डॉक्टर सोमप्रकाश ने बताया कि कुल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में चार मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जिनका उपचार जारी है, लेकिन बाद में लाए गए सात मजदूरों को काफी मशक्कत के बाद भी नहीं बचाया जा सका। लंबे समय तक मिट्टी में दबे रहने के कारण उनकी स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।
ये भी पढ़े : विश्व विजेता भारत : टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की ‘हैट्रिक’, न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर रचा इतिहास
प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मलबे को हटाने और फंसे हुए अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं, विशेषकर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी, की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।


