खल्लारी मंदिर

महासमुंद के खल्लारी मंदिर में भीषण हादसा : केबल टूटने से 200 फीट नीचे गिरी रोपवे की ट्रॉली, 1 श्रद्धालु की मौत और कई जख्मी

छत्तीसगढ़ देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को एक हृदयविदारक घटना घट गई। यहां के विख्यात खल्लारी माता मंदिर में रोपवे का केबल अचानक टूट जाने से एक ट्रॉली सीधे पहाड़ी से टकराकर नीचे जा गिरी। इस दुखद हादसे में एक श्रद्धालु ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी थी। जानकारी के अनुसार, जो ट्रॉली नीचे गिरी है वह करीब 200 फीट की ऊंचाई पर थी और उसमें कुल 6 लोग सवार थे।

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, जिस समय यह दुर्घटना हुई उस दौरान ट्रॉली में मौजूद छह श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों, मंदिर प्रबंधन और पुलिस की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से निकाले गए घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़े : कोच्चि में सनसनीखेज वारदात : किराए के मकान में दो महिलाओं और तीन बच्चों के मिले 5 शव, इलाके में दहशत का माहौल

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने फिलहाल रोपवे सेवा पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में केबल टूटने का कारण तकनीकी खराबी लग रहा है। हालांकि, हादसे की असली वजह जानने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच टीम यह भी पता लगाएगी कि क्या रखरखाव या संचालन के नियमों में कोई लापरवाही बरती गई थी। जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

खल्लारी मंदिर छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां ऊँची पहाड़ी पर स्थित माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रोपवे लगाया गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में रोपवे शुरू करने से पहले सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि खल्लारी माता मंदिर में हुई यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने यह भी साफ किया कि इस पूरे मामले की विस्तृत जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply