क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, 3 सुपर ओवर के बाद निकला टी 20 मैच का नतीजा

कर्नाटक क्रिकेट खेल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

बेंगलुरु| क्रिकेट में आए दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक मैच देखने को मिलते हैं लेकिन आज एक ऐसा मैच खेला गया जिसने रोमांच की पराकाष्ठा को ही पार कर दिया। ये मुकाबला महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी 20 2024 में बेंगलुरु ब्लास्टर्स और हुबली टाइगर्स के बीच खेला गया। वैसे तो टी 20 मुकाबले में सुपर ओवर अक्सर देखने को मिलता है लेकिन इस मैच में सुपर ओवर का ही रिकॉर्ड टूट गया। दरअसल, स्कोर बराबर होने के बाद लगातार 2 सुपर ओवर में भी स्कोर बराबर रहा और फिर मैच का नतीजा तीसरे सुपर ओवर में जाकर निकला। इस तरह क्रिकेट के इतिहास में पहली बार किसी एक मैच में तीन सुपर ओवर देखने को मिले। ये मैच अब अपने 3 रोमांचक सुपर ओवर के कारण सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।

दरअसल, बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 23 अगस्त को महाराजा टी 20 ट्रॉफी में मयंक अग्रवाल की कप्तानी वाली बेंगलुरु ब्लास्टर्स और मनीष पांडेय की कप्तानी वाली हुबली टाइगर्स के बीच भिड़ंत हुई। हुबली टाइगर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 164 रन के स्कोर ऑल आउट हो गई. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की पूरी टीम 20 ओवर में 164 रन बनाकर ढेर हो गई। अब मैच के नतीजे के लिए पहला सुपर ओवर खेला गया।

सुपर ओवर की लगी हैट्रिक
इस पहले सुपर ओवर में बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 1 विकेट खोकर 10 रन बनाए। इस मैच में जीत के लिए अब हुबली को 11 रन बनाने थे लेकिन एक बार फिर स्कोर बराबर रह गया। हुबली की टीम भी 10 ही रन बना पाई। अब मैच दूसरे सुपर ओवर में गया जहां एक बार फिर दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर छूटा। इस दूसरे ओवर में हुबली टाइगर्स ने 8 रन बनाए और बेंगलुरु ब्लास्टर्स की टीम भी 1 विकेट खोकर 8 रन ही बना सकी. लगातार 2 सुपर ओवर में स्कोर बराबर रहने के बाद तीसरा सुपर ओवर खेला गया जिसमें बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 1 विकेट पर 12 रन का स्कोर खड़ा किया। हालांकि इस बार स्कोर बराबर नहीं रहा और हुबली टाइगर्स ने 13 रन बनाने के साथ ही मैच अपने नाम कर लिया। इस तरह 3 सुपर ओवर में जाकर इस रोमांचक मैच का नतीजा निकला।

Leave a Reply