केरल में अब 8 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना, राजस्थान-मध्य प्रदेश अगले 3 दिन बारिश की संभावना

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| इस साल देश में मानसून के आने में देरी है। मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 जून तक केरल में मानसून के पहुंचने की संभावना है। इससे पहले मौसम विभाग ने 4 जून को मानसून के केरल में पहुंचने की संभावना जाहिर की थी। मौसम विभाग ने बताया है कि राजस्‍थान, मध्य प्रदेश सहित 6 राज्यों में अगले तीन दिन बारिश की प्रबल संभावना है। उत्‍तर प्रदेश, बिहार के सा‍थ छह राज्यों में हीट-वेव का अलर्ट जारी किया गया है। उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार शाम आंधी की वजह से जेटी (डीप वाटर बैरिकेडिंग) टूटने से 9 लोग गंगा में डूब गए। सोमवार सुबह तक दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के रविवार (4 जून) को केरल पहुंचने के आसार जताए गए थे। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के केरल पहुंचने में अभी 3-4 दिन की और देरी हो सकती है। 8 जून के आसपास मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है। पिछले साल 2022 में मानसून 29 मई को केरल पहुंच गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप और दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। दक्षिण अरब सागर के ऊपर मानसून के बढ़ने के लिए कंडीशंस अनुकूल होती जा रही हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने देश में इस साल सामान्य मानसून की भविष्यवाणी की है। देश में आमतौर पर 1 जून से गर्मियों की फसलों की बुआई शुरू हो जाती है। ये वो समय होता है जब मानसून की बारिश भारत पहुंचती है। फसल की बुआई अगस्त की शुरुआत तक जारी रहती है।

मौसम विभाग ने बताया कि 8 जून तक केरल, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, राजस्थान और मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप और लक्षद्वीप में भी बारिश होने का अनुमान है। बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर पूर्व आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, अन्य राज्यों में मौसम सामान्य रहेगा।

Leave a Reply