कुवैत-हैदराबाद इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी : मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई ; कोई विस्फोटक बरामद नहीं

देश/प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6इ-1234 को मंगलवार सुबह बम की धमकी के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक, हैदराबाद एयरपोर्ट को एक ईमेल मिला था, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी। इसके बाद तुरंत सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक एयरबस ए321-251एनएक्स विमान रात 1:56 बजे कुवैत से उड़ा था और सुबह 8:10 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान को सुरक्षित तरीके से उतारकर एयरपोर्ट के अलग-थलग इलाके में ले जाया गया है, जहां बम स्क्वायड और सुरक्षा टीमें पूरी जांच कर रही हैं। यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि धमकी की जांच जारी है। अभी तक किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है। आगे की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही सामने आएगी।

Leave a Reply