कुवैत में पीएम मोदी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, बोले- ‘दोनों देशों के संबंध ऐतिहासिक हैं’

अंतर्राष्ट्रीय कुवैत नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

कुवैत सिटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रविवार को कुवैत के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता से पहले यहां ‘बायन पैलेस’ (कुवैत के अमीर का मुख्य महल) में रस्मी स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। पीएम मोदी ने भारत और कुवैत के संबंध को ऐतिहासिक और बहुआयामी कहा है। मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे थे। वह कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निमंत्रण पर कुवैत पहुंचे हैं। यह पिछले 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस खाड़ी देश की पहली यात्रा है। इससे पहले, 1981 में भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कुवैत की यात्रा की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुवैत के ‘बायन पैलेस’ पहुंचे, जहां उनका रस्मी स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। कुवैत के प्रधानमंत्री महामहिम शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।’’ मोदी कुवैत के अमीर, युवराज (क्राउन प्रिंस) सबा अल-खालिद अल-सबा और अपने कुवैती समकक्ष के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।

कुवैत ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से किया सम्मानित

नई दिल्ली। कुवैत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने रविवार को बताया कि कुवैत की यात्रा पर गए पीएम मोदी को आज यह सम्मान प्रदान किया गया। यह किसी देश द्वारा पीएम मोदी को दिया गया 20वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। मुबारक अल कबीर का आदेश कुवैत का ‘नाइटहुड’ आदेश है। यह आदेश मित्रता के संकेत के रूप में राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी संप्रभुओं तथा विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को प्रदान किया जाता है। इससे पहले यह सम्मान बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को प्रदान किया जा चुका है।

दोनों देशों के बीच होंगे कई समझौते
पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते भी होने वाले हैं। ध्यान रहे कि भारत सरकार खाड़ी देशों के साथ रिश्ते मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के साथ वार्ता के दौरान व्यापार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत-कुवैत संबंधों को नयी गति देने पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित
कुवैत के निमंत्रण पर पीएम मोदी यहां पहुंचे थे। यह पिछले 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस खाड़ी देश की पहली यात्रा है। पीएम मोदी ने शनिवार को एक भारतीय सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया था और एक भारतीय श्रमिक शिविर का दौरा भी किया था। ध्यान रहे कि भारत, कुवैत के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से एक है और भारतीय समुदाय कुवैत में सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है।
कुवैत में भारतीय समुदाय की तादाद
कुवैत में भारतीय समुदाय की तादाद काफ़ी अधिक है और यह देश में सबसे बड़े प्रवासी समुदायों में से एक है। सन 2021 के आंकड़ों के अनुसार, कुवैत में भारतीय नागरिकों की संख्या लगभग 1.2 मिलियन (12 लाख) के आस-पास है, जो कुवैत की कुल जनसंख्या का लगभग 25-30% के बीच है। यह समुदाय विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में कार्यरत है, जैसे कि निर्माण, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बैंकिंग, और व्यापार। कुवैत में भारतीयों का योगदान न केवल कुवैत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण है, बल्कि भारतीय संस्कृति, भाषा (विशेषकर हिंदी और मलयालम) और धार्मिक गतिविधियों का भी कुवैत में महत्वपूर्ण स्थान है।

Leave a Reply