मुरैना। कुत्ते पर गोबर फेंकने पर दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। सड़क पर घसीट-घसीट कर महिला को पीटा, फिर लाठी-फरसे से हमला किया। बीच बचाव करने आए महिला के बच्चों तक को बुरी तरह पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अंबाह पुलिस ने पांच आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया है।
बच्चे ने फेंका था गोबर का तसला
मामला अंबाह थाना क्षेत्र के खरेंटा गांव का है, जहां शुक्रवार की सुबह रामवरण माहौर का 12 वर्षीय बेटा घूरे पर गोबर फेंकने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ोसी का कुत्ता उस पर भौंकने लगा। डरकर बच्चे ने तसले में भरा गोबर कुत्ते पर ही फेंक दिया। इस बात पर अनिल तोमर, राजेश तोमर व उसके स्वजन ने विवाद शुरू कर दिया।
पड़ोसियों ने किया हमला
यह विवाद इतना बढ़ा कि पड़ोसियों ने लाठी-डंडे लेकर लड़के के घर पर धावा बोल दिया। बच्चे की मां अनीता को बाल पकड़ कर घर से निकाला और सड़क पर घसीटते ले गए। अनीता को बचाने उसकी बेटियां आईं तो दबंगों ने उनकी भी पिटाई कर दी, यह देख अनीता ने प्रतिरोध किया तो उस पर लाठी व फरसे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
बेटियां अस्पताल में भर्ती
अनीता की बेटियों को अंबाह अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि गंभीर घायल अनीता को अंबाह से जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। इसका वीडियो किसी ने मोबाइल से बना लिया और सोशल मीडिया पोस्ट कर दिया। अंबाह टीआई सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि घायल महिला की शिकायत पर कुम्हेर सिंह तोमर, राजेश सिंह तोमर, अनिल तोमर, गबडू तोमर और प्रदीप सिसौदिया पर एफआइआर दर्ज कर ली है।


