कचरा उड़ने पर दो समुदायों के बीच विवाद, उमरबन में तनाव, विरोध में दुकानें बंद

धार प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

उमरबन, धार। धामनोद मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सफाई के दौरान कचरा उड़ने की बात पर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट हो गई। कचरा उड़ने पर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना के बारे में उमरबन चौकी प्रभारी विनय परमार ने बताया कि सफाई के दौरान कचरा उड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान हुई मारपीट में कमलेश पुत्र शिवप्रसाद जायसवाल को सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कमलेश जायसवाल की पत्नी छाया बाई जायसवाल, रमेश मंडलोई व शिव पूर्वे को मामूली चोट आई है, जिनका मेडिकल करवाकर उपचार किया गया। चौकी प्रभारी परमार ने बताया कि घटना में 4 आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें उमरबन के नूरुद्दीन मुगल, साहिल मुगल, जीशान मुगल व शाहीन मुगल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

उमरबन बंद, ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज एक पक्ष के साथ ग्रामीणों ने उमरबन ग्राम को बंद करवा दिया। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण उमरबन पुलिस चौकी पहुंचे, जहां आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। इस दौरान ग्रामीण उमरबन चौकी का घेराव कर धरने पर बैठ गए। मामले को बढ़ता देख बाकानेर, धरमपुरी, गंधवानी, मनावर के अलावा अन्य जगह से अतिरिक्त फोर्स, पुलिस व अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंचे।

गुमटी में आग लगा दी
उधर, अज्ञात लोगों ने सुबह करीब 10 बजे धामनोद मार्ग स्थित एक गुमटी में आग लगा दी। पुलिस व अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद मामला शांत करवाया। गांव की दुकानें दोपहर 2 बजे तक बंद रही। उधर, आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी मनोज कुमार सिंह व मनावर SDOP राकेश सिंह उमरबन पहुंचे। उन्होंने गांव का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

Leave a Reply