सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। इससे किसानों के चेहरे पर फिर चिंता दिखने लगी, बारिश और ओलावृष्टि से कुछ स्थानों पर फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। बारिश तो लगभग आधा घंटे हुई मगर इस बारिश के साथ कुछ मिनिट की हुई ओलावृष्टि ने किसानों को परेशान कर दिया। देखते ही देखते नगर की सड़कों और खेतों में चने के आकार के ओले बिछ गए। अचानक मौसम में हो रहे बदलाव कभी ठंडक, कभी गर्मी, कभी बारिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। मौसम में अचानक से बदलवा होने के कारण सभी को परेशानी होती है। इसका असर व्यापार पर भी देखने को मिलता है। बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में लगी चना, मसूर, मटर की फसल पर प्रभाव पड़ा है। उधर आम के पेड़ों पर लगे फूल भी गिर गए हैं।


