एजेंसी, नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ। एमपी राजस्थान में गर्मी : देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
एमपी और राजस्थान के शहरों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। वहीं मध्य प्रदेश के रतलाम में भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो हफ्तों तक किसी नए मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का असर और तेजी से बढ़ेगा।
लू का खतरा और मौसम विभाग का अलर्ट
मैदानी राज्यों में कल से लू यानी हीटवेव चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, देश के पूर्वोत्तर राज्यों जैसे सिक्किम, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
केदारनाथ में बर्फबारी से थमी रफ्तार
एक तरफ जहां मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं उत्तराखंड के केदारनाथ, जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह और सिक्किम के लाचेन में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फ जमा होने की वजह से कई रास्ते बंद हो गए हैं, जिन्हें खोलने के लिए मशीनों की मदद ली जा रही है और राहत कार्य जारी है।
ये भी पढ़े : मध्यप्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले : प्रदेश में सड़क जाल और विकास योजनाओं के लिए 19,810 करोड़ रुपये की भारी मंजूरी
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


