एमपी में एक बड़ी कंपनी लगाएगी 8 हजार करोड़ का निवेश, 4300 लोगों को मिलेगा काम 

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश शाजापुर

एजेंसी, शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविवार को शाजापुर जिले के मक्सी पहुंचे। यहां पर उन्होंने 8,174 करोड़ रुपए की छह औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। साथ ही लगभग 80 हजार किसानों के खाते में सोयाबीन की राहत राशि भी स्थानांतरित की।

4300 लोगों को मिलेगा काम 
सीएम डॉ मोहन यादव ने मक्सी के पास बरंडवा में जैक्सन समूह के 8 हजार करोड़ से अधिक के बड़े सौर निर्माण प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया। यह प्लांट 44 हेक्टेयर में तैयार होगा। जो कि मक्सी औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के दोनों चरणों में सौर मॉड्यूल, सौर सेल, इंगॉट और वेफर का उत्पादन किया जाएगा। जिससे 4300 से अधिक युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलेगा। सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम जो वचन देते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। लगातार युवाओं को अवसर देने और गरीबी कम करने का प्रयास जारी है।

कांग्रेस पर साधा कटाक्ष 
सीएम डॉ मोहन यादव ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब तक कांग्रेस से इनकी विदाई नहीं होती, कांग्रेस का कलंक हटने वाला नहीं है। कांग्रेस में टूट-फूट दिख रही है। उन्हें उनके हाल पर छोड़ते हैं। आगे उन्होंने कहा कि सुन लो कांग्रेसी, तुमको जो करना है करो। हम गीता जयंती भी उत्साह से मनाने वाले हैं।

Leave a Reply