एजेंसी, नई दिल्लीl उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले 100प्र. वोटिंग के लिए एनडीए गठबंधन के सांसदों की ट्रेनिंग होगी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार तीन दिन की वर्कशॉप में सांसदों को वोटिंग प्रोसेस के बारे में बताया जाएगा। ट्रेनिंग सेशन में सांसदों को बैलेट पेपर पर सही निशान लगाने, चुनाव अधिकारी की ओर से दी गई पेन का इस्तेमाल करने और बैलेट पेपर को सही तरीके से मोड़कर बॉक्स के अंदर डालने की जानकारी दी जाएगी। ताकि वोट अमान्य न हों। दरअसल, गुप्त मतदान में पार्टी व्हिप लागू नहीं होता है। ऐसे में एनडीए का फोकस क्रॉस वोटिंग रोकने और अवैध वोटों को कम करने पर है। वहीं, वोटिंग से एक दिन पहले 8 सितंबर की रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए सांसदों के लिए डिनर भी करेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी। एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया था। उनका मुकाबला आई.एन.डी.आई.ए. कैंडिडेट और सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी से होगा। रिटायर्ड जस्टिस रेड्डी आंध्रप्रदेश से, जबकि सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं। दरअसल, उपराष्ट्रपति का चुनाव जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई की रात अचानक इस्तीफा देने की वजह से हो रहा है। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
एनडीए को 11 अतिरिक्त सांसदों का समर्थन मिला
उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले एनडीए दूसरी पार्टियों के सांसदों का समर्थन जुटाने की कोशिश में लगी है। गठबंधन को आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के 11 सांसदों का समर्थन मिल चुका है। अब एनडीए ओडिशा की बीजेडी और तेलंगाना की बीआरएस को भी साथ लाने की कोशिश में जुटी है। बीजेडी ने अभी तक उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना रुख साफ नहीं किया है, जबकि बीआरएस को एनडीए और आई.एन.डी.आई.ए. दोनों ही अपने पाले में करने की कोशिश कर रहे हैं। आई.एन.डी.आई.ए. इसे क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के आधार पर समर्थन देने की अपील कर रहा है।


