उदयपुर में सवारियों से भरी ओवरलोड जीप खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत

उदयपुर में सवारियों से भरी ओवरलोड जीप खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत

देश/प्रदेश राजस्थान राष्ट्रीय

एजेंसी, उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। डिंगावरी गांव के पास सवारियों से भरी एक ओवरलोड जीप अचानक बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जीप बिलवन गांव से सवारियां लेकर कोटड़ा की ओर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे डिंगावरी के पास अचानक जीप के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण जीप असंतुलित हो गई और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।

कोटड़ा अस्पताल में भर्ती हैं घायल
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कोटड़ा पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कोटड़ा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

ओवरलोडिंग हादसे की मुख्य वजह
कोटड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना और ओवरलोडिंग हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : दो समुदायों के बीच झड़प से सुलगा असम : हिंसा में एक की मौत, आगजनी के बीच इंटरनेट बैन
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply