एजेंसी, मुजफ्फरनगर| उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस दुर्घटना में हरियाणा के करनाल निवासी एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर बघरा बाईपास के पास हुआ। एक कार तेज रफ्तार में आकर सड़क किनारे ढाबे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। कार में सवार लोग हरियाणा के करनाल जिले के फरीदपुर गांव से हरिद्वार अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले फरीदपुर निवासी महेंद्र का निधन हो गया था। उनके बेटे पीयूष सहित परिवार के अन्य सदस्य मोहिनी, अंजू, विक्की, राजेंद्र और शिवा उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे।
तितावी के बघरा क्षेत्र में यह भीषण हादसा हो गया। हादसे में हार्दिक नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी रूपाली राव ने बताया कि तितावी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर एक ढाबे के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रूपाली राव ने बताया कि कार पर सवार रहे लोग हरियाणा से अपने एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है।


