एजेंसी, देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार शाम से हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि ने जमकर कहर बरपाया है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से विषम स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समाचार लिखने तक प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। अभी तक लगभग पांच सौ से अधिक लोगों के फंसे होने और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। एक शैक्षिक संस्थान में फंसे लगभग पांच सौ छात्र छात्राओं सहित अन्य क्षेत्रों में फंसे लोगों को एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें रेस्क्यू करने में जुटी हैं। राज्य आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार, जनपद देहरादून के अन्तर्गत, मालदेवता, संतला देवी एवं सहस्त्रधारा, डालनवाला क्षेत्रांतर्गत, अधिक वर्षा और बादल फटने के कारण टपकेश्वर में 01 व्यक्ति के बहने एवं कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। जिस पर एसडीआरएफ टीम द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया। डी०आई०टी० कॉलेज, राजपुर रोड निकट, मसूरी डायवर्जन एक व्यक्ति घायल एवं 01 व्यक्ति के बहने की सूचना मिली। जिसमें घायल के लिए 108 आपात सेवा एम्बुलेंस भेजा गया है। भगतसिंह कॉलोनी में 01 व्यक्ति के बहने की सूचना है, जिस पर कार्यवाही गतिमान है। राजपुर में शिखर फॉल के पास 02 लोगो के पानी में बहने से लापता होने एवं 13 लोगो के रिस्पना नदी में फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई है।
रेस्क्यू टीम द्वारा कार्यवाही गतिमान है। इसके अलावा, सिंहनीवाला शिवालिक कॉलेज के पास एक व्यक्ति, मसन्दावाला में नदी में 04 लोगो, ठाकूरपुर (प्रेमनगर) में 01 व्यक्ति के फंसे होने की सूचना है। चन्द्रभागा नदी, ऋषिकेश में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पर अग्निशमन टीम, देहरादून द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया है। ऋषिनगर कॉलोनी, सहस्त्रधारा रोड पर कुछ लोगो के फंसे होने की सूचना है जिस पर टीम द्वारा अग्रिम कार्यवाही गतिमान है। हैरीटेज होटल, मसूरी में 06 से 08 लोगों के फंसे होने की सूचना जिस पर टीम द्वारा अग्रिम कार्यवाही गतिमान है। लिटिल हैवन होटल, मसूरी में 10 से 15 लोगो के फंसे होने की सूचना है। पंचकूली, रायपुर क्षेत्र में 25 से 30 लोगों के फंसे होने की सूचना है। एमडीडीए, डालनवाला क्षेत्र में 15 से 20 लोगो के फंसे होने की सूचना है। सेरकी सिल्ला, मालदेवता में कुछ लोगो के फंसे होने की सूचना है। जिस पर कार्यवाही गतिमान है। देहरादून के ही श्री देव भूमि इंस्टिट्युट पौधा, प्रेमनगर में 500 छात्र, छात्राओं के फंसे होने की सूचना पर उन्हें एसडीआरएफ रोप की मदद से रेस्क्यू कार्यवाही गतिमान है। परवल, प्रेमनगर में 08 से 10 लोगो के फंसे होने की सूचना जिस पर टीम द्वारा अग्रिम कार्यवाही गतिमान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ रायपुर क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा जाऊ और मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आई जी, गढ़वाल राजीव स्वरूप भी हैं।
देहरादून में मूसलाधार बारिश का तांडव, टपकेश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा
देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। लगातार बारिश के कारण तमसा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है, जिससे प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर पूरी तरह पानी में डूब गया है। मंदिर के पुजारी आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे से नदी का पानी तेजी से बढ़ने लगा, जिसके चलते मंदिर परिसर में पानी भर गया। उन्होंने कहा कि इतनी भयावह स्थिति लंबे समय बाद देखने को मिली है। कई स्थानों पर नुकसान की खबरें हैं, और लोगों को नदियों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, मंदिर का गर्भगृह सुरक्षित है और अभी तक किसी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में रात के समय हुई मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि बारिश के कारण कई दुकानों को क्षति पहुंची है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
उत्तराखंड में मौसम की स्थिति
उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। देहरादून, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


