उड़ान भरते ही गिरा एअर इंडिया का विमान, क्रू मेंबर समेत 241 यात्री थे सवार, प्रधानमंत्री ने ली हादसे की जानकारी

गुजरात नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, अहमदाबाद। अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटना ग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 241 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 241 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। बोइंग विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम नीचे आता देखा गया और यह अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। प्रधानमंत्री ने दोनों को अहमदाबाद जाने और इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों को तत्काल यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर कहा, ”अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या एआई171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर साझा करेंगे।” पुलिस ने बताया कि विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा, ”हम हताहतों के बारे में विवरण जुटा रहे हैं।” अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर भेजे गये हैं।

अहमदाबाद विमान हादसा दिल दहलाने वाला: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे, दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ, जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”

शाह और खरगे समेत कई नेताओं ने विमान हादसे पर जताया शोक

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अनेक नेताओं ने गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा है, “अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं यात्रियों और चालक दल के परिवारों के साथ हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा है, “गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कई यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। भयावह दृश्य देखकर दिल दहल जाता है। यात्रियों, पायलट और चालक दल के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और प्रार्थनाएं।” गौरतलब है कि एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान आज अपराह्न अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 230 यात्री, दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे।

अहमदाबाद और दिल्ली में स्थापित किये गए नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अहमदाबाद एअर इंडिया विमान हादसे के मद्देनजर सभी आवश्यक सहायता कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए बृहस्पतिवार को एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया। दुर्घटना से संबंधित विवरण के लिए लोग 011-24610843, 9650391859 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अहमदाबाद में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है और उसका नंबर 9978405304 / 079-23251900 है। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एक हेल्पलाइन भी शुरू की गई है जिसका नंबर 9974111327 है। इसके अलावा, एअर इंडिया का यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 है। एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 12 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘एआई 171 दुर्घटना के मद्देनजर, समन्वय के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक नियंत्रण कक्ष शुरू किया गया है… हम सभी प्रभावितों को त्वरित और पूर्ण सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उसने अधिक जानकारी प्रदान करने के लिए एक यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 शुरू किया है। सभी आवश्यक सहायता कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सहायता या जानकारी के लिए (दिल्ली नियंत्रण कक्ष) 011-24610843/9650391859… परिचालन नियंत्रण कक्ष (अहमदाबाद) 9978405304/079-23251900 पर संपर्क किया जा सकता है।’’ विमान में सवार 242 लोगों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था।

लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 204 शव मिले, पुलिस कमिश्नर ने की पुष्टि
लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में 204 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि 41 लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। यह जानकारी अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ने दी है। अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले विमान में सवार यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विजय रुपाणी भी थे। विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ‘‘विमान ने अहमदाबाद से अपराह्न 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी। इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला।’’

दुर्घटनास्थल के वीडियो में झुलसे हुए शवों को बाहर निकाले जाते तथा घायलों को, जिनमें से कई झुलसे हुए थे, नजदीक स्थित शहर के सिविल अस्पताल में ले जाते देखा जा सकता है। दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है। यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझीकोड में उतरते समय गीले रनवे से फिसल गया और उसके दो टुकड़े हो गये थे। विमान में सवार 190 लोगों में से दो पायलट सहित 21 लोगों की जान चली गई थी। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम तेजी से नीचे आते देखा गया और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अहमदाबाद में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि इसकी वजह से कम से कम एक बहुमंजिला इमारत बुरी तरह प्रभावित हो गई। शहर में हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विमान दुर्घटना को हृदय विदारक आपदा बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अहमदाबाद की त्रासदी से हम स्तब्ध और दुखी हैं। यह हृदय विदारक है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’’ सूत्रों ने बताया कि मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भी बात की तथा उनसे अहमदाबाद जाकर, दुर्घटना प्रभावित लोगों को तत्काल यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि उड़ान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथों में थी। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे। सभरवाल के पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था। बयान के अनुसार, रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर, नीचे गिर गया। बयान में कहा गया है, ‘‘12 जून 2025 को एअर इंडिया का बी787 विमान वीटी-एएनबी (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) उड़ान संख्या एआई-171 के साथ अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।’’ इसमें कहा गया है कि विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। एअर इंडिया के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही उड़ान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। विमानन सूत्रों ने बताया कि विमान जमीन पर गिरने से पहले महज 600 से 800 फुट ऊपर चढ़ा था। प्रत्यक्षदर्शी हरेश शाह ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, ‘‘विमान बहुत नीचे उड़ रहा था और यह सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर से टकरा गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वहां कई पांच मंजिला इमारतें हैं, जो चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर हैं। उन अपार्टमेंट में रहने वाले कई लोग घायल हुए हैं, क्योंकि विमान के साथ-साथ इमारतों में भी आग लग गई।’’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि परिसर में मौजूद कई कारें और वाहन भी आग की चपेट में आ गए।

नागरिक उड्डयन मंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मोदी ने व्यक्तिगत रूप से नायडू से बात की और विमान दुर्घटना की जानकारी ली। कार्यालय के मुताबिक, ‘‘मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह जमीनी स्तर पर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं।’’ एक अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है तथा स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा है।’’ वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बातचीत की है। एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता के लिए एयरलाइन हर संभव प्रयास कर रही है और इस हादसे में प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, ‘‘बहुत दुख के साथ, मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की उड़ान, एआई 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।’’ चंद्रशेखरन टाटा समूह के चेयरमैन भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस समय हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता करने पर है। हम दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं।’’ विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग ने एक बयान में कहा कि उसे दुर्घटना की ‘‘प्रारंभिक रिपोर्टों’’ की जानकारी है तथा वह अधिक ब्यौरा जुटा रही है। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने और विवरण उपलब्ध कराने के लिए एक यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 शुरू किया है।’’ बृहस्पतिवार को हुई विमान दुर्घटना, गुजरात के इस शहर में दूसरी हवाई दुर्घटना है। 19 अक्टूबर 1988 को इंडियन एयरलाइंस का एक विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 130 लोग मारे गए थे।

Leave a Reply