नई दिल्ली: सहारा इंडिया के 10 करोड़ निवेशकों का पैसा वापस मिलेगा। मंगलवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सहारा रिफंड पोर्टल लांच किया। सहारा रिफंड पोर्टल का शुभारंभ अमित शाह ने अटल भवन में किया इस दौरान उन्होंने कहा कि सहारा की सहकारी समितियों में जिन लोगों के रुपये कई सालों से डूबे हुए थे, उसे लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोर्टल के जरिए सहारा की चार को-ऑपरेटिव सोसाइटी के निवेशक ही आवेदन कर सकते हैं। ये को-ऑपरेटिव हैं- सहारा क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड लखनऊ, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड भोपाल, हमारा इंडिया क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड कोलकाता, स्टार्स मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड हैदराबाद। इन को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के 10 करोड़ निवेशकों के पैसे फंसे हुए हैं।
इसमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। पैसे वापस नहीं मिलने पर निवेशकों ने इस मामले में सरकार से हस्तक्षेप करने की अपील की थी। 22 मार्च, 2022 से पहले पैसा जमा करने वाले निवेशक ही रिफंड के लिए योग्य हैं। वहीं, स्टार्स मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड हैदराबाद के 29 मार्च 2023 से पहले के निवेशक आवेदन कर सकते हैं। पैसा रिफंड पाने के लिए सबसे पहले आपको https://mocrefund.crcs.gov.in/ पोर्टल पर जाना होगा। होमपेज खुलने पर आपको जमाकर्ता पंजीकरण पर क्लिक करने के बाद आधार नंबर और इससे जुड़ा मोबाइल नंबर डालना होगा। सेंड ओटीपी पर क्लिक करते हीं और एक ओटीपी आएगा जिसे आपको दर्ज करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर निवेशक लॉगिन पर क्लिक करेंगे। फिर आपको दोबारा आधार और मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी करने का आप्शन आएगा। नियम और शर्तों को पढ़कर ‘मैं सहमत हूं’ पर आप जैसे हीं क्लिक करेंगे। आपकी पूरी डिटेल्स जैसे बैंक का नाम, जन्मतिथि आ जाएगी।
इसके बाद आप जमा प्रमाण पत्र की प्रति के साथ दावा अनुरोध फॉर्म भरें। सोसाइटी का नाम, मेंबरशिप नंबर, जमा की गई राशि भरनी होगी। कोई लोन लिया है या पेमेंट मिला है तो ये भी बताना होगा। दावा राशि 50 हजार से ज्यादा होने पर पैन कार्ड की डिटेल्स भी देना पड़ेगा। डिपॉजिटर्स के पास आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और आधार से जुड़ा बैंक अकाउंट होना जरूरी है। इसके बिना रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। दावा सफलतापूर्वक प्रस्तुत होने पर, पोर्टल पर एक रसीद संख्या दिखाई देगी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी आएगा। अप्रूवल के बाद जिस तारीख को आपने दावा किया है उससे 45 दिनों के अंदर दावा राशि आधार से जुड़े अकाउंट में आ जाएगी।


