एजेंसी, तेहरान। ईरान में लगातार बिगड़ते हालातों और अमेरिका व इजरायल की ओर से किए गए ताजा सैन्य हमलों के बीच भारत सरकार ने वहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए नई हिदायत जारी की है। मंगलवार को तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक परामर्श जारी करते हुए सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने और जितना संभव हो सके घरों के अंदर ही रहने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़े : खाड़ी में युद्ध के चलते हवाई सेवाओं पर ब्रेक : सऊदी अरब में फंसे महाराष्ट्र के हजारों जायरीन, केरल में सैकड़ों उड़ानें रद्द
भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा है कि क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और किसी भी तरह की हलचल से बचें। दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे ताजा समाचारों और स्थानीय घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रखें ताकि वे स्थिति से पूरी तरह अवगत रहें। साथ ही, उन्हें अगले किसी भी सरकारी निर्देश का इंतजार करने को कहा गया है। एक अनुमान के मुताबिक, इस समय ईरान में करीब 9,000 भारतीय नागरिक मौजूद हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल हैं। युद्ध के बढ़ते खतरों को देखते हुए भारत सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है।


