एजेंसी, इस्तांबुल। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अब तुर्की की सड़कों पर भी खून-खराबा देखने को मिला है। इस्तांबुल शहर में स्थित इजरायली दूतावास (वाणिज्य दूतावास) की इमारत के पास मंगलवार को हुई अंधाधुंध गोलीबारी में तीन हमलावर मारे गए हैं। इजरायली दूतावास के बाहर भीषण गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारियों के भी घायल होने की खबर है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स द्वारा जारी वीडियो में देखा गया कि हमलावर स्वचालित राइफलों और हैंडगन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे थे, जिसके जवाब में पुलिस ने उन्हें मौके पर ही ढेर कर दिया।
सुरक्षा घेरे को तोड़कर फायरिंग
इस्तांबुल के गवर्नर के मुताबिक, हमलावर एक कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने दूतावास की सुरक्षा में तैनात पुलिस और सुरक्षा बसों को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने गहरे रंग के कपड़े पहने थे और उनके पास बैग और आधुनिक हथियार थे। घनी आबादी वाले इस इलाके में अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
व्यस्त और घनी आबादी वाला इलाका
जिस इमारत में इजरायली वाणिज्य दूतावास स्थित है, वह इस्तांबुल का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यह दूतावास एक ऊंची इमारत की सातवीं मंजिल पर है और आसपास हजारों लोग काम करते हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी करने वाले तीनों हमलावरों को तुर्की पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया है। घटनास्थल पर चारों तरफ खून और गोलियों के निशान देखे गए हैं, जिसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
राजनयिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
हैरानी की बात यह है कि वर्तमान में इस दूतावास भवन में कोई भी इजरायली राजनयिक मौजूद नहीं था। तुर्की की राजधानी अंकारा और इस्तांबुल के इन मिशनों में ज्यादातर स्थानीय कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। हमलावरों की पहचान और उनके असली मकसद को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। तुर्की पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह हमला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन की साजिश का हिस्सा था।
जांच में जुटी तुर्की पुलिस
हमले के तुरंत बाद इस्तांबुल पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। गवर्नर कार्यालय का कहना है कि हमलावरों के पास से बरामद हथियारों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद तुर्की में मौजूद अन्य देशों के दूतावासों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमलावरों का संबंध किस गुट से था, लेकिन इस घटना ने तुर्की और इजरायल के बीच पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे रिश्तों में और खटास पैदा कर दी है।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


