इजराइल के शहरों पर ईरान के हमले : हाइफा में मिसाइल गिरी, 17 घायल, 3 गंभीर, ईरान ने भारतीय लोगों के लिए एयरस्पेस खोला

अंतर्राष्ट्रीय इजराइल ईरान नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, तेहरान/तेल अवीव| ईरान ने शुक्रवार शाम इजराइल के तेल अवीव, बीर्शेबा, हाइफा सहित कई शहरों में पर फिर से मिसाइल हमले किए। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबि क, हाइफा में मिसाइल गिरने से 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक 16 साल के नाबालिग सहित तीन की हालत गंभीर है। आज सुबह ईरान ने इजराइल के बीर्शेबा शहर में माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के पास बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था। इससे कई कारों में आग लग गई। आस-पास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। ईरान ने गुरुवार को बीर्शेबा के एक अस्पताल पर मिसाइल दागी थी, जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। ईरान और इजराइल के बीच जंग का आज आठवां दिन है। इजराइल से जंग के बीच ईरान ने भारत के लिए अपना एयर स्पेस खोल दिया है। ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत सरकार अगले दो दिनों के दौरान 3 स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट्स से करीब 1 हजार भारतीय नागरिकों का वहां से रेस्क्यू करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट शुक्रवार रात और दो फ्लाइट्स शनिवार दोपहर तक भारत पहुंचेगी। इन फ्लाइट्स की व्यवस्था भारत सरकार ने की है। ये फ्ला इट्स ईरान के मशहद से उड़ान भरेंगी और दिल्ली में उतरेंगी। इससे पहले 110 भारतीय स्टूडेंट्स 19 जून को ईरान से भारत पहुंचे थे। हालांकि, इन्हें लैंड बॉर्डर के रास्ते ईरान से निकाला गया था। क्योंकि 13 जून को इजराइली हमले के बाद से ईरान का एयरस्पेस इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए बंद था।

अमेरिका बोला- ईरान परमाणु बम बनाने के करीब, सिर्फ खामेनेई के आदेश का इंतजार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका का मानना है कि ईरान अब परमाणु हथियार बनाने की पूरी क्षमता रखता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को कहा कि अगर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आदेश दे दें, तो ईरान कुछ ही हफ्तों में परमाणु बम बना सकता है। लेविट ने कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार बनाने के लिए जरूरी हर चीज मौजूद है। अब बस उन्हें अपने नेता के हां कहने भर की देर है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान ऐसा करता है, तो इससे सिर्फ इजराइल नहीं, बल्कि अमेरिका और पूरी दुनिया की सुरक्षा को खतरा होगा। वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 657 हो चुका है और 2,037 लोग घायल हैं। वहीं, जंग में अब तक इजराइल के 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 600 से ज्यादा लोग घायल हैं।

इजराइल-ईरान संघर्ष के पिछले 7 दिनों का अपडेट…

ईरान ने बेर्शेबा पर क्लस्टर बम से हमले किए
ईरान ने इजराइल के बेर्शेबा पर अपने ताजा हमले में क्लस्टर बम का इस्तेमाल किया है। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, बेर्शेबा पर हमले के दौरान कई वीडियो और फोटो सामने आए हैं। इसमें कई जगहों पर छोटे बम गिरने के निशान मिले हैं। इससे संभावना है कि ईरान ने क्लस्टर बम वॉरहेड ले जाने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं थी। बेर्शेबा में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आईडीएफ होम फ्रंट कमांड ने गुरुवार को कहा था कि ईरान ने इजराइल पर हमले में क्लस्टर बम वॉरहेड ले जाने वाली कम से कम एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की थी। इजराइली सेना ने कहा कि मिसाइल का वॉरहेड लगभग 7 किलोमीटर की ऊंचाई पर उतरते समय फट गया, जिससे लगभग 8 किलोमीटर के दायरे में लगभग 2.5 किलोग्राम विस्फोटक के साथ लगभग 20 छोटे हथियार फैल गए।

परमाणु एजेंसी बोली- बुशहर पर हमला न्यूक्लियर त्रासदी ला सकती है
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी ने कहा कि ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर हमला न्यूक्लियर त्रासदी ला सकती है। इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी ने कहा कि ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर इजराइल का गलत बयान साफ और सटीक जानकारी की जरूरत की तरफ इशारा करती है।

ईरानी सेना बोली- इजराइल के मिलिट्री ठिकानों-डिफेंस इंडस्ट्रीज पर हमले किए
ईरान की सेना ने बताया है कि उसने इजराइल पर ताजा हमलों में मिलिट्री ठिकानों, डिफेंस इंडस्ट्रीज, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर्स को निशाना बनाया है।

हाइफा में मिसाइल गिरने से 3 गंभीर, 14 घायल
इजराइल की एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड एडोम ने कहा कि हाइफा में 17 लोग मिसाइल की चपेट में आए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है। इनमें एक 16 साल का लड़का शामिल है, जिसके ऊपरी शरीर पर छर्रे लगे हैं, एक 54 साल और एक 40 साल के व्यक्ति के निचले अंगों पर छर्रे लगे हैं। 14 लोग मामूली रूप से घायल हैं।

ईरान ने ताजा हमले में ईजराइल पर करीब 25 मिसाइलें दागीं
इजराइल डिफेंस फोर्स ने कहा कि ताजा हमले में ईरान की ओर से करीब 25 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि हाइफा में एक मिसाइल हमले में कई लोग घायल हो गए है, जिनमें एक नाबालिग की हालत गंभीर है। दक्षिणी और मध्य इजराइल में भी मिसाइल हमले की खबरें हैं। हालांकि, वहां हुए नुकसान की जानकारी अभी नहीं आई है।

ईरानी हमले से हाइफा में दो लोग घायल, एक नाबालिग गंभीर
ईरान की तरफ से ताजा मिसाइल हमलों से हाइफा में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। उसकी हालत गंभीर है। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, घायल 16 साल के लड़के का इलाज कर रहा है। 54 साल के घायल व्यक्ति की हालत ठीक है। 14 लोगों को हल्की चोटें लगी हैं।

इजराइल में ईरान के मिसाइल हमलों की आशंका, सायरन बजे
इजराइल के कुछ हिस्सों में अभी सायरन की आवाज सुनाई दी है। IDF ने कहा है कि उसने ईरान की तरफ से बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का पता लगाया है। एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिया गया है। जिन इलाकों में सायरन बजे हैं, वहां के नागरिकों को अगले आदेश तक बम शेल्टरों में रहने को कहा गया है।

इजराइल में फंसे अपने नागरिकों को चार्टर फ्लाइट्स से निकालेगा ब्रिटेन
ब्रिटेन जंग के बीच इजराइल में फंसे अपने नागरिकों को चार्टर फ्लाइट्स से निकालने की प्लानिंग कर रहा है। विदेश सचिव डेविड लैमी ने बताया कि ब्रिटेन सरकार इस मामले को लेकर इजरायली अधिकारियों के साथ बात कर रही है। इजराइल का एयरस्पेस फिर से खुलने के बाद तेल अवीव से ब्रिटिश नागरिकों को निकालने के लिए चार्टर फ्लाइट्स की व्यवस्था की जाएगी। ईरान से जंग के कारण इजराइल का मेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट बेन गुरियन पिछले हफ्ते से बंद है, जिससे अधिकांश उड़ानें रोक दी गई थीं।

इजराइली एयरफोर्स ने ईरान पर फिर हमले किए, सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया
इजराइली एयरफोर्स ने अभी ईरान के पश्चिमी और मध्य इलाके में फिर से हमले किए हैं। इजराइल डिफेंस फोर्स ने X पर बताया कि वह ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमला कर रही है।

इजराइली हमलों के खिलाफ तेहरान में हजारों लोगों ने मार्च निकाला
ईरान की राजधानी तेहरान में जुमे की नमाज के बाद हजारों लोगों ने इजराइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। सरकारी न्यूज चैनल पर दिखाई गई तस्वीरों के अनुसार, ईरान के खिलाफ अमेरिका की धमकियों के खिलाफ भी नारे लगाए। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में इजराइल के हमले में मारे गए कमांडरों की तस्वीरें पकड़ी हुई थीं। लोगों ने ईरान, फिलिस्तीन और हिजबुल्लाह के झंडे भी लहराए। एक प्रदर्शनकारी ने सुप्रीम लीडर खामेनेई के समर्थन में बैनर पर लिखा था, ‘मैं अपने नेता के लिए अपनी जान कुर्बान कर दूंगा।’ सरकारी टेलीविजन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ईरान के तबरेज और दक्षिण में शिराज में भी विरोध प्रदर्शन हुए। ईरानी न्यूज एंकर ने कहा कि यह ईरान की एकजुटता और पूरे देश में प्रतिरोध का शुक्रवार है।

Leave a Reply