प. बंगाल में केंद्रीय मंत्री निशीथ की कार पर तीर से हमला

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय
कोलकाता| पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को पंचायत चुनाव है। इससे पहले वहां जगह-जगह हिंसा की खबरें आ रही हैं। शनिवार को भाजपा ने आरोप लगाया है कि कूच बिहार में साहेबगंज स्थित बीडीओ ऑफिस जाते समय केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक की कार पर तीर से हमला किया गया। हालांकि इस हमले में उन्हें चोट नहीं आई है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में भाजपा समर्थक तीर दिखा रहे हैं। निशीथ प्रमाणिक भी वहीं मौजूद हैं। एक कार्यकर्ता अपने कपड़े उतार कर पीठ पर लगी चोट दिखा रहा है।

इधर, बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजुमदार का दावा है कि केंद्रीय मंत्री के काफिले को टीएमसी के डेढ़ हजार गुंडों ने घेर कर बम से हमला किया है। इस घटना के बाद भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प की भी खबर है। बता दें कि शुक्रवार को एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हथियार और गोला-बारूद रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और एक पाइप गन के साथ 71 राउंड जिंदा कारतूस और पांच मैगजीन बरामद की गई। वहीं, पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान राज्य में कई जगह हिंसक झड़पें हुईं। 14 जून को साउथ 24 परगना जिले के कैनिन में उम्‍मीदवार के नामांकन के दौरान सत्ताधारी टीएमसी के दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर बम से हमला कर दिया था।

इससे पहले 13 जून को इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। साउथ 24 परगना जिले के भांगर से आईएसएफ विधायक नवसाद सिद्दीकी ने कहा कि जब हमारी पार्टी के कार्यकर्ता नामांकन दाखिल करने गए तो उन्हें टीएमसी के गुंडों ने पीटा। यही स्थिति बनी रही तो निष्पक्ष पंचायत चुनाव नहीं हो पाएंगे। लोग डर के मारे घर से बाहर नहीं निकलेंगे।

Leave a Reply