एजेंसी, दिल्ली। दिल्ली का इंदिरा गांधी हवाई अड्डा एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एशिया-प्रशांत क्षेत्र का पांचवा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा बन गया है। इस मामले में दिल्ली ने सिंगापुर के चांगी और दक्षिण कोरिया के इंचियोन जैसे दुनिया के प्रतिष्ठित हवाई अड्डों को भी पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने शुक्रवार को एविएशन एनालिटिक्स फर्म के आंकड़ों के हवाले से बताया कि वर्ष दो हजार पच्चीस में जाने वाले विमानों में चार करोड़ बासठ लाख सीटों की उपलब्धता के साथ दिल्ली हवाई अड्डा इस स्थान पर पहुंचा है। वर्ष दो हजार उन्नीस में यह हवाई अड्डा नौवें स्थान पर था। इसमें तीन करोड़ अट्ठाइस लाख सीटें घरेलू यात्रा के लिए उपलब्ध हैं।
ये भी पढ़े : हिंद महासागर में अमेरिका का बड़ा हमला : भारत से लौट रहा ईरानी युद्धपोत डूबा, 87 सैनिकों की मौत और 32 का रेस्क्यू
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जैपुरियार ने इस सफलता पर कहा कि एशिया-प्रशांत के शीर्ष पांच सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में दिल्ली का शामिल होना देश के विमानन क्षेत्र की मजबूती को दिखाता है। यह हमारी उस रणनीति की सफलता है जिसमें हम दिल्ली को एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली अब भारत का मुख्य प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ एशिया और यूरोप के बीच संपर्क का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। हम देश में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए दिल्ली को वैश्विक स्तर पर एक बड़ा विमानन केंद्र बनाने के लिए इसकी क्षमता और यात्रियों के अनुभव को बेहतर करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। विमानन क्षेत्र के आंकड़ों के अनुसार हवाई अड्डों की रैंकिंग वहां से उड़ान भरने वाले विमानों में उपलब्ध सीटों की संख्या के आधार पर तय की जाती है। दिल्ली हवाई अड्डे ने इस श्रेणी में थाईलैंड के सुवर्णभूमि, सिंगापुर के चांगी और दक्षिण कोरिया के इंचियोन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को मात दी है। वर्तमान में एशिया-प्रशांत के शीर्ष पांच हवाई अड्डों में टोक्यो का हनैदा, शंघाई पुडोंग, ग्वांगझोउ बाययुन, बीजिंग कैपिटल और दिल्ली हवाई अड्डा शामिल हैं।


