आरकॉम केस में ईडी की बड़ी कार्रवाई, अनिल अंबानी का फ्लैट और फार्महाउस कुर्क
एजेंसी, मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से जुड़े बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को ईडी ने उद्योगपति अनिल अंबानी और उनके परिवार से जुड़ी 3,034 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई संपत्तियों में दक्षिण मुंबई के कुंबाला हिल स्थित उषा किरण बिल्डिंग का फ्लैट और उनके बेटे जय अंशुल अंबानी के स्वामित्व वाला खंडाला स्थित फार्महाउस शामिल है।
अंबानी की कंपनी पर ED का करारा प्रहार! 3 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति की अटैच, बैंक फ्रॉड केस में एक्शन#AnilAmbani #ED | @i_manojverma https://t.co/AwBx0vgJlg
— ABP News (@ABPNews) April 28, 2026
ईडी के बयान के अनुसार, यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है ताकि सार्वजनिक बैंकों के हितों की रक्षा की जा सके। जांच में सामने आया है कि आरकॉम और उसकी सहयोगी कंपनियों पर घरेलू और विदेशी ऋणदाताओं का कुल 40,185 करोड़ रुपये बकाया है। कुर्की की जद में अहमदाबाद के साणंद स्थित एक भूखंड और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के 7.71 करोड़ शेयर भी आए हैं, जो अनिल अंबानी के निजी पारिवारिक ट्रस्ट ‘राइजई ट्रस्ट’ के पास थे।
एजेंसी का आरोप है कि इन संपत्तियों का उपयोग बैंकों के कर्ज चुकाने के बजाय परिवार के निजी लाभ के लिए किया जा रहा था। ईडी ने स्पष्ट किया है कि वह धोखाधड़ी से अर्जित इन संपत्तियों को पीड़ित बैंकों और वित्तीय संस्थानों को लौटाने की प्रक्रिया (पीएमएलए की धारा-8 के तहत) के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, रिलायंस अनिल अंबानी समूह के प्रवक्ता का कहना है कि कुर्क की गई कुछ संपत्तियां अनिल अंबानी की मां कोकिलाबेन अंबानी की हैं।
ये भी पढ़े : गिरफ्तारी के डर से सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, असम के मुख्यमंत्री की पत्नी से जुड़ा है मामला
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


