एजेंसी, गुवाहाटी। असम में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची सार्वजनिक कर दी है। पार्टी द्वारा जारी इस लिस्ट में 14 उम्मीदवारों के नामों को शामिल किया गया है।
पार्टी ने अलग-अलग क्षेत्रों से अपने भरोसेमंद चेहरों को चुनावी रण में उतारा है। इस सूची के अनुसार, नाओबोइचा निर्वाचन क्षेत्र से अच्युत दास को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि सेंट्रल गुवाहाटी जैसी महत्वपूर्ण सीट से अनुरूपा डेकराजा चुनाव लड़ेंगी। इसी तरह सिबसागर से तपन गोगोई और बिश्वनाथ से अनंता गोगोई को टिकट दिया गया है। पार्टी ने डेरगांव से पुलिन गोगोई, गोहपुर से जरबोम कुटुम और खुमटाई से आशीष हजारिका पर दांव खेला है।
ये भी पढ़ें : नीतीश कुमार की सुरक्षा में भारी सेंध : बेगूसराय में हेलीपैड पर बैल का उत्पात, पुलिसकर्मियों में मची अफरा-तफरी
अन्य सीटों की बात करें तो रोंगापाड़ी से टिकेंद्र थापा, चेंगा से जाहिदुल इस्लाम खान, नदुआर से रंजीत बोरो और तिताबर से पल्लव सैकिया के नामों पर मुहर लगी है। इसके अलावा ईस्ट गोलपारा से जिन्ना अमीर हुसैन, राहा से बरुण बिकास दास और बोकाजन से रेनुका तिमुंगपी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
असम से पहले ‘आप’ ने केरल के लिए भी अपने 22 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन संगठन की मजबूती और भविष्य की चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर किया गया है। गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के बाद अब राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की उम्मीद है।


