MP में नदी में गिरा ट्रक, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत, शादी समारोह के लिए टीकमगढ़ जा रहे थे

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

दतिया| मध्‍य प्रदेश के दतिया में एक बड़ा हादसा हो गया। मिनी ट्रक में 54 मजदूर सवार होकर शादी समारोह के लिए ग्‍वालियर से टीकमगढ़ जा रहे थे। दुरसड़ा थाना अंतर्गत गांव बुहारा में ट्रक पुल पार कर रहा था, तभी बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्‍चे हैं। सभी के शव निकाल लिए गए हैं।

दुल्हन के चाचा विष्णु ने बताया कि भतीजी पूजा की शादी टीकमगढ़ के जतारा में थी। मंगलवार की रात में गांव से निकले थे। बुहारा गांव के पास रपटे पर पहुंचे तो पानी ऊपर से गुजर रहा था। ड्राइवर ने रपटे पर से गाड़ी निकालने की कोशिश की, तभी ट्रक पलट गया। लोग बह गए। कुछ गाड़ी में फंसे रहे। विष्‍णु ने बताया कि उसने कई लोगों को बाहर निकाला। पास के गांव वालों ने मदद की। हादसे में उसकी चाची की मौत हो गई है। एक भजीता और दो भांजी समेत पांच लोगों की जान चली गई।

कलेक्टर संजय कुमार के अनुसार, बेटी की शादी के लिए एक परिवार ग्वालियर के भेलेटी गांव से टीकमगढ़ के जतारा गांव जा रहा था। सभी आयशर वाहन में सवार थे। दुरसड़ा थाना अंतर्गत गांव बुहारा के पास नदी पर नया पुल बन रहा है। आवाजाही के लिए पास ही में एक रपटा बनाया गया था। बारिश के कारण रपटे पर एक से दो फीट पानी भर गया था। ट्रक ड्राइवर ने रपटा क्रॉस करने की कोशिश की। परिवार ने मना भी किया, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। कुछ दूर जाकर ट्रक पलट गया।

मध्‍य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। नरोत्‍तम मिश्रा ने बताया कि खटीक समाज के लोग बेटी की शादी करने के लिए मिनी ट्रक से जा रहे थे। बुहारा नदी में रपटे में असंतुलित होकर ट्रक नदी में चला गया। 5 लोगों के शव निकाले गए हैं।

Leave a Reply