एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि ‘भारत माता की जय’ सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि देश के सैनिकों का राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने का प्रण है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उनकी वीरता की गाथाएं इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गई हैं। पंजाब के आदमपुर एयरबेस पर वायुसेना कर्मियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि जब ‘‘हमारे सशस्त्र बलों ने उनके परमाणु ब्लैकमेल की धज्जियां उडाईं, तो हमारे दुश्मनों को ‘भारत माता की जय’ का महत्व समझ में आया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत माता की जय केवल एक नारा नहीं है, बल्कि हमारे सैनिकों का राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने का प्रण है। जब हमारे ड्रोन और मिसाइल दुश्मनों पर हमला करते हैं, तो उन्हें ‘भारत माता की जय’ सुनाई देती है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आपकी वीरता की गाथाएं इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएंगी। मैं हमारी थलसेना, वायुसेना और नौसेना के कर्मियों को सलाम करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया और वायुसेना कर्मियों से बातचीत की, जो पाकिस्तान के साथ हाल ही में हुए संघर्ष के दौरान कार्रवाई में शामिल रहे थे। उनकी यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक चले भीषण संघर्ष के बाद हुई है। सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पड़ोसी देश में आतंकी ठिकानों पर हमले किये गए थे।
‘हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक भी मौका नहीं देंगे’, आतंकियों और उनके आकाओं को पीएम मोदी की सख्त चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर एयरफोर्स के जवानों को संबोधित करते हुए आतंकियों और उनके आकाओं को सख्त चेतवानी दी। उन्होंने कहा कि हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका भी नहीं देंगे। प्रधानमंत्री आज आदमपुर एयरबेस पहुंचे थे जहां उन्होंने वायुसेना के जवानों से मुलाकात की।
पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी
पीएम मोदी ने कहा कि जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी फौज को भी बता दिया है कि पाकिस्तान में कोई ऐसा ठिकाना नहीं है जहां बैठकर आतंकी चैन की सांस ले सके। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका भी नहीं देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि ड्रोन और मिसाइलों के बारे में सोचकर पाकिस्तान को कई दिनों तक नींद नहीं आएगी।
‘भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा तबाही’, आदमपुर एयरबेस से आतंकियों और पाकिस्तान को पीएम मोदी की चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आदमपुर एयरबेस पहुंचे और वायुसेना के जवानों से बात की जो पाकिस्तान स्थित आतंकी अड्डों को तबाह करने और उसके बाद पाकिस्तान की ओर से हुए हमलों को नाकाम करने में अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर से आतंक के आकाओं को समझ आ गया है कि भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा तबाही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है। उन्होंने कहा कि भारत बुद्ध की भी धरती है और गुरु गोविंद सिंह जी की भी धरती है। अधर्म के नाश और धर्म के नाश के लिए शस्त्र उठाना हमारी परंपरा है। उन्होंने कहा कि निर्दोषों के खून बहाने का एक ही अंजाम होगा महाविनाश। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुश्मन ये भूल बैठा कि उन्होंने जिसे ललकारा है वह हिंद की सेना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपने उन्हें सामने से हमला करके मारा, आपने आतंक के तमाम बड़े अड्डों को मिट्टी में मिला दिया। 20 से 25 मिनट में 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। आदमपुर एयरबेस पहुंचने पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। सशस्त्र बल हमारे देश के लिए जो भी करते हैं, उसके लिए भारत उनका सदा आभारी रहेगा।’’
‘सेना ने रचा इतिहास, ऑपरेशन सिंदूर की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी’, आदमपुर एयरबेस में सैनिकों से बोले प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के आदमपुर एयरबेस में एयरफोर्स के सैनिकों के साथ संवाद किया। पीएम मोदी ने एयरफोर्स के सैनिकों के साथ संवाद करते हुए दुश्मन देश पाकिस्तान को को कड़ा संदेश दिया है। पिछल दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात हो गए थे। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही पाकिस्तान के कई एयरबेस को भी नुकसान पहुंचाया था। आदमपुर एयरबेस से पीएम मोदी ने कहा कि ये आज का नया भारत है। दुश्मन देश के आतंकियों को उनके घर में घुस कर मारता है।
आदमपुर एयरबेस पर सेना के जवानों से मिले प्रधानमंत्री मोदी
ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान और वहां के आतंकवादियों को सबक सिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को पंजाब स्थित आदमपुर एयरबेस पहुंचे और यहां उन्होंने जवानों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायु सेना के उन जवानों से बातचीत की जो पाकिस्तान के साथ हाल में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान कार्रवाई में शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। सशस्त्र बल हमारे देश के लिए जो भी करते हैं, उसके लिए भारत उनका सदा आभारी रहेगा।’’
पाकिस्तान के वो 5 झूठ, आदमपुर एयरबेस में पहुंचकर पीएम मोदी ने कैसे किया बेनकाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जालंधर के आदमपुर एयरबेस में पहुंचकर पाकिस्तान के झूठ को बेनकाब किया है। दुश्मन देश पाकिस्तान जितना बेशर्म है, उतना ही बड़ा वह झूठा भी है। इसकी पोल भारतीय सेना ने पहले ही खोल दी है। वहीं, अब पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस से पाकिस्तान के 5 बड़े झूठे दावों को बेनकाब किया है।
पहला झूठ : पाकिस्तान ने झूठा दावा करते हुए कहा था कि उनके हवाई हमले में आदमपुर एयरबेस के रनवे को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान के इसी झूठे दावे की पोल पीएम मोदी ने जालंधर के आदमपुर में स्थित एयरबेस में पहुंचकर खोल दी। मंगलवार को पीएम मोदी हवाई मार्ग से भारतीय वायुसेना के विमान से आदमपुर एयरबेस में उतरे। इससे दुश्मन देश को साफ संदेश गया कि यह एयरबेस पूरी तरह सुरक्षित है। इस दौरान पीएम मोदी यहां वीर सैनिकों से मिले और उन्हें पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए बधाई भी दी।
दूसरा झूठ : पाकिस्तान ने झूठा दावा किया कि आदमपुर एयरबेस में भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को ध्वस्त कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आदमपुर के एयरबेस में एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के सामने खड़े नजर आए। इस तस्वीर में साफ दिख रहा है कि S-400 सुरक्षित और सीना ताने खड़ा है। मालूम हो कि एस-400 मिसाइल प्रणाली एक लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। यह विमान, ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइल जैसे विभिन्न हवाई हमलों को रोकने और नष्ट करने में सक्षम है।
तीसरा झूठ : पाकिस्तान ने झूठा दावा करते हुए आदमपुर एयरबेस की कथित क्षतिग्रस्त सैटेलाइट तस्वीरें साझा कीं थी। उसका दावा था कि यहां अब कोई विमान नहीं उतर सकता है। पाकिस्तान का ये झूठा दावा तभी बेनकाब हो गया, जब आदमपुर के रनवे पर पीएम मोदी भारतीय वायु सेना के विमान से उतरे। इस दौरान पीएम मोदी ने कई एयरफोर्स के सैनिकों के साथ मुलाकात की।
चौथा झूठ : पाकिस्तान ने झूठा दावा करते हुए कि आदमपुर एयरबेस में बड़ी संख्या में उनके सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तान का ये दावा पूरी तरह झूठा है। आदमपुर एयरबेस में पाकिस्तान किसी तरह का हवाई हमला कर ही नहीं पाया है। पाकिस्तान के हमलों को यहां के एयर डिफेंस सिस्टम ने पहले ही मार गिराया है। आदमपुर एयरबेस में तैनात किसी भी सैनिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पीएम मोदी ने सभी सैनिकों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाने के साथ बधाई भी दी है।
पांचवां झूठ : पाकिस्तान ने झूठा दावा करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय वायुसेना के विमान को क्षति पहुंचाई है। पाकिस्तान का ये दावा भी पूरी तरह झूठा है। आदमपुर एयरबेस में आज पहुंचे पीएम मोदी ने भारतीय लड़ाकू विमानों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। इसमें पीएम मोदी के पीछे IAF का मिग-21 लड़ाकू विमान सीना ताने खड़ा है।
ये है आज का नया भारत
पीएम मोदी के आज आदमपुर एयरबेस दौरे से दुश्मन देश पाकिस्तान को एक बार फिर नींद नहीं आने वाली है। भारतीय सेना के पराक्रम ने दिखा दिया कि भारत किसी भी हमले का जवाब देने के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने आज आदमपुर एयरबेस से कहा कि ये आज का नया भारत है, दुश्मन को उनके घर में घुसकर मारता है।
पाकिस्तान ने आतंकी ठिकानों को किया ध्वस्त
बता दें कि पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात हो गए थे। पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को भी भारत ने तबाह कर दिया। पाकिस्तान के कई आतंकी मारे गए हैं। इसके बाद से पाकिस्तान सदमे में है।
मोदी और एयरबेस के सैनिक
मोदी की यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद हो रही है। इससे पहले भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में छह-सात मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पड़ोसी देश में और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। दोनों देशों ने 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी। हालांकि, भारत ने साफ किया है कि उसने अभियान को केवल स्थगित किया है और पाकिस्तान की गतिविधियों को देखकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


