एजेंसी, मुंबई। आखिरी गेंद पर आरसीबी ने : महिला प्रीमियर लीग 2026 का पहला मुकाबला 9 जनवरी को मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया. आरसीबी ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 154 रन बनाए थे. मुंबई की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर खासा प्रभावित नहीं कर सकीं, जबकि आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना भी फ्लॉप हो गईं. इसके बाद आरसीबी की ओर से नादिन डी क्लर्क ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी.
निकोला कैरी और सजीवन सजना ने खेली अहम पारी
मुंबई इंडियंस को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी. सलामी बल्लेबाज अमीलिया केर 4 रन बनाकर आउट हो गईं. उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया था. इसके अलावा गुनालन कमलिनी ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए. नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरीं नैट साइवर ब्रंट ने 3 गेंदों में 4 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली. हालांकि लोअर मिडिल ऑर्डर में सजीवन सजना ने 25 गेंदों में 45 और निकोला कैरी ने 29 गेंदों में 40 रन बनाए. दोनों की अहम पारी की बदौलत मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए थे. आरसीबी की ओर से नादिन डी क्लर्क ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन खर्च कर 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.
आखिरी गेंद पर आरसीबी ने मारी बाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को औसतन शुरुआत मिली. सलामी बल्लेबाज ग्रैस हैरिस और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े. हैरिस ने 12 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 13 गेंदों में 18 रनों की पारी खेली. वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरीं दयालन हेमलता ने भी खास प्रभावित नहीं किया और 4 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद आरसीबी की ओर से नादिन डी क्लर्क ने 44 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली. आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे. ऐसे में नादिन डी क्लर्क ने अहम भूमिका निभाते हुए आरसीबी को 3 विकेट से जीत दिला दी. टीम को जब 1 गेंद में 1 रन बनाने थे तब उन्होंने चौका मारकर टीम की जीत में अहम रोल अदा किया|
ये भी पढ़ें : तमीम इकबाल का बीसीबी को कड़ा संदेश : आईसीसी से 95% फंडिंग भूलकर फैसला मत लें


