अभिषेक को भी सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक को भी सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

क्रिकेट खेल

आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक को भी सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

एजेंसी, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 28 मार्च से आगाज होना है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम के कप्तान का ऐलान कर दिया है। धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी गई है। ईशान किशन ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ईशान के अलावा अभिषेक शर्मा को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने एक्स पर अपने नए कप्तान का ऐलान किया। एसआरएच ने लिखा- ऐलान! चोट से उबरने के कारण पैट कमिंस कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। जब तक वह ठीक नहीं हो जाते, ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान रहेंगे।

पैट कमिंस मिस करेंगे कुछ मैच
पिछले सीजन तक ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ गेंदबाज पैट कमिंस एसआरएच की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन इस सीजन वह शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में टीम ने ईशान किशन को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है। हालांकि, पैट कमिंस टीम से जुड़ते ही कप्तानी संभाल लेंगे। तब तक ईशान किशन के जिम्मे कप्तानी का भार होगा। ईशान किशन 2024 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन 2025 में हुए ऑक्शन में वह एसआरएच का हिस्सा बने। आईपीएल 2025 के ऑक्शन में एसआरएच ने ईशान किशन को 11 करोड़ 40 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। किशन के नाम आईपीएल के 119 मैचों की 112 पारियों में 2998 रन दर्ज हैं। उनका औसत 29.10 और स्ट्राइक रेट 137.64 है। आईपीएल में उनके बल्ले से एक शतक और 17 अर्धशतक आ चुके हैं।

पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी भिड़ं
सनराइजर्स हैदराबाद 28 मार्च को आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज करेगी। टीम का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। इसके बाद एसआरएच की टीम अपने दूसरे मैच में कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। तीसरे मैच में ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स से हैदराबाद में भिड़ेगी। ये मुकाबला 5 अप्रैल को खेला जाएगा। टीम अपने चौथे मुकाबले में 11 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स का सामना करेगी। सनराइजर्स हैदराबाद का पूरा स्क्वाड: पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर स्मरण, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामेंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, जैक एडवर्ड्स।

ये भी पढ़े : गेल और रोहित के स्पेशल क्लब में होगी कोहली की एंट्री

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply