आईएमए ने की 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से 24 घंटे के लिए गैर-आपात सेवाएं बंद करने की घोषणा

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

कोलकाता। कोलकाता के सरकारी आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या करने तथा उसके बाद भीड़ द्वारा घटनास्थल पर तोड़फोड़ करने के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने बृहस्पतिवार को एलान किया कि वे 17 अगस्त को सुबह छह बजे से 24 घंटे के लिए देश भर में गैर-आपात सेवाएं बंद रखेंगे। चिकित्सा निकाय ने एक बयान में कहा कि आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी और आपातकालीन वार्ड में भी चिकित्सकीय कामकाज जारी रहेगा। आईएमए ने कहा कि बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में सेवाएं बंद रहेंगी और चुनिंदा सर्जरी नहीं की जाएगी। बयान में कहा गया, ”कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए जघन्य अपराध तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या (बुधवार रात) पर प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई गुंडागर्दी के बाद भारतीय चिकित्सा संघ ने शनिवार 17 अगस्त को सुबह छह बजे से रविवार 18 अगस्त को सुबह छह बजे तक 24 घंटे के लिए एलोपैथी चिकित्सकों द्वारा देश भर में सेवाएं बंद रखने की घोषणा की है।” इसने कहा, ”चिकित्सक, विशेषकर महिलाएं, अपने पेशे की प्रकृति के कारण हिंसा के प्रति संवेदनशील होती हैं। अस्पतालों और परिसरों के अंदर चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों का काम है।” आईएमए ने कोलकाता के अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की भी निंदा की।

कोलकाता कांड: महिला डॉक्टर के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मांगा न्याय, निकाली पदयात्रा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता में मौलाली से डोरीना चौराहे तक एक विरोध रैली का नेतृत्व किया, जिसमें उस महिला डॉक्टर के लिए न्याय की मांग की गई जिसकी पिछले सप्ताह एक सरकारी अस्पताल में कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गयी थी। बनर्जी के साथ आए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को मृत्युदंड देने की मांग करते हुए नारे लगाए। महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार कक्ष में कथित तौर पर बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। अगले दिन अपराध के सिलसिले में एक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार तड़के करीब 40 लोगों के एक समूह ने अस्पताल में घुसकर आपातकालीन विभाग, नर्सिंग यूनिट और दवा स्टोर में तोड़फोड़ की। भीड़ ने सरकारी अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए और उस मंच पर भी तोड़फोड़ की, जहां जूनियर डॉक्टर एक महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और अपने कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग कर रहे थे।

Leave a Reply