अमेरिका में फिर गोलीबारी, सिरफिरे ने 22 लोगों को मौत के घाट उतारा, कई घायल

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका

न्यूयॉर्क| अमेरिका के लेविस्टन शहर में कम से कम 22 लोगों की मारे जाने की खबर सामने आई है. वहीं 50-60 से ज्यादा लोग घायल भी बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, अमेरिका में तीन जगहों पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है. मासूमों पर गोली चलाने के बाद से संदिग्ध फरार है. बताया जा रहा है कि उसके पास एक लंबी बंदूक थी, जिसकी मदद से वो लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था. इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दुख जताया है. व्हाइट हाउस प्रेस कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति ने लेविस्टन गोलीबारी के बारे में मेन के गवर्नर और सांसदों से फोन पर बात की.

शूटर ने लोगों पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
मेन स्टेट पुलिस ने X पर ट्वीट कर बताया कि लेविस्टन में एक एक्टिव शूटर ने 22 लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आगे लिखा, हमने लोगों से जगह-जगह शरण लेने के लिए कहा है और दरवाजे बंद रखने की अपील की है. उन्होनें लिखा यदि आपको कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे तो कृपया 911 पर कॉल करें.

सेना में काम करता था हमलावर
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर की कुछ तस्वीरें सामने आई है, जिसमें वो हाथों में सेमी ऑटोमेटिक राइफल लिए हुए है. गोलीबारी की घटना में शामिल हमलावर की पहचान रॉबर्ट कार्ड के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि उसने सेना में हवलदार के रूप में लगभग 20 सालों तक काम किया था.

साल 2022 के बाद से अमेरिका में सबसे बड़ा हमला
बता दें अमेरिका में यह गोलीबारी की घटना मई 2022 के बाद से सबसे बड़ी घटना है. दरअसल, पिछले साल मई में टेक्सास के प्राइमरी स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 19 बच्चे और दो टीचर शामिल थे. लेविस्टन की इस घटना को वहां के लोग नरसंहार बता रहे हैं. उनका कहना है कि यह सिर्फ गोलीबारी नहीं है, यह एक नरसंहार है.

Leave a Reply