एजेंसी, वाशिंगटन/तेहरान। अमेरिका ईरान तनाव : ओमान की खाड़ी में युद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर कोई भी ईरानी युद्धपोत अमेरिकी घेराबंदी के पास आने की हिमाकत करता है, तो उसे तत्काल बर्बाद कर दिया जाएगा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोमवार शाम से ओमान की खाड़ी और अरब सागर के एक बड़े हिस्से में समुद्री नाकेबंदी लागू कर दी है।
Trump says Iranian ‘fast-attack’ ships that come close to US ‘blockade’ will be eliminated https://t.co/vT60Bhc687 https://t.co/vT60Bhc687
— Reuters (@Reuters) April 14, 2026
बिना इजाजत प्रवेश पर पाबंदी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से और अरब सागर में यह नाकेबंदी सोमवार शाम 7:30 बजे से लागू हो चुकी है। जहाजों के लिए जारी किए गए आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि इस क्षेत्र में बिना अनुमति आने-जाने वाले किसी भी जहाज को रोका जा सकता है, उसका रास्ता मोड़ा जा सकता है या उसे कब्जे में लिया जा सकता है। यह प्रतिबंध विशेष रूप से उन जहाजों पर है जो ईरानी बंदरगाहों या तेल अड्डों के साथ व्यापारिक संपर्क में हैं। हालांकि, अन्य देशों के सामान्य आवागमन पर इसका असर नहीं होगा।
ईरान की मिसाइल बोट्स तैयार
अमेरिका की इस कार्रवाई पर पलटवार करते हुए ईरान ने अपनी ताकत का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ईरान ने अपनी ‘रेड बीज’ यानी लाल मधुमक्खियां नाम की तेज रफ्तार मिसाइल बोट्स को तैनात कर दिया है। ईरान का कहना है कि उनकी ये छोटी और घातक नावें अमेरिकी जहाजों को घेरने की क्षमता रखती हैं। ईरान ने धमकी दी है कि इन जहाजों का झुंड किसी भी बड़ी सैन्य ताकत को पंगु बना सकता है और अमेरिका को इसका अंदाजा जल्द ही लग जाएगा।
परमाणु मुद्दे पर बातचीत की उम्मीद
भले ही सीमा पर तनाव चरम पर हो, लेकिन पर्दे के पीछे कूटनीति भी काम कर रही है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कि इस्लामाबाद में हुई चर्चा के दौरान ईरान से परमाणु सामग्री हटाने और भविष्य में यूरेनियम संवर्धन रोकने के मुद्दे पर कुछ महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। वेंस के अनुसार, ईरानी पक्ष समझौते के लिए तैयार दिख रहा है, लेकिन उन्हें अंतिम फैसले के लिए अपनी सरकार से मंजूरी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि ईरान एक सामान्य देश की तरह रहे, लेकिन इसके लिए पहला कदम ईरान को ही बढ़ाना होगा।
ये भी पढ़े : सुरेंद्रनगर में भीषण सड़क दुर्घटना : बेकाबू ट्रक ने सात पदयात्रियों को कुचला, 4 महिलाओं समेत 7 की मौत
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


