भोपाल। प्रदेश कांग्रेस आगामी समय में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशियों का चयन ब्लाॅक इकाई की सहमति से करेगी। संगठन में बूथ, मंडलम, सेक्टर, ब्लाक और जिला इकाइयों की भूमिका बढ़ाई जाएगी। प्रत्येक कार्यक्रम में ब्लाॅक इकाइयों के अध्यक्षों को उचित सम्मान मिलेगा। यह निर्णय संभागवार समीक्षा के पहले दिन भोपाल संभाग की बैठक के दौरान लिया गया। वहीं, ब्लाॅक अध्यक्षों ने कहा कि हमारी उपेक्षा बंद हो। हमें विधायक या प्रत्याशी के समर्थक के रूप में देखा जाता है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार से संभागवार समीक्षाओं का सिलसिला शुरू हुआ। पहले दिन भोपाल संभाग में आने वाले सभी जिलों के जिला व ब्लाॅक इकाई, मंडलम व सेक्टर समितियों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों से चुनाव में हार और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दो चुनाव हारे हैं। कमियां सबको पता हैं। अब इन्हें दूर करने पर सुझाव दें। इस पर ब्लाक अध्यक्षों ने कहा कि हमारा संगठन कमजोर हो गया है। सभी कार्यक्रम ऊपर से होते हैं और नीचे तक नहीं पहुंच पाते हैं।कार्यक्रम वार्ड स्तर पर होंगे और निचले स्तर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत हो। ब्लाॅक इकाइयों के अध्यक्षों की उपेक्षा बंद होनी चाहिए। कुछ अध्यक्षों ने आर्थिक रूप से मदद करने की बात भी रखी। तब तक अंतिम उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निकाय चुनाव में प्रत्याशी के नाम पर मुहर तभी लगेगी, जब संबंधित इकाई सहमति दे देगी। बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष राजीव समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।


