मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा प्रहार : कहा- महिला आरक्षण का विरोध करना कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता का प्रमाण

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल। मोहन यादव न्यूज : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक निर्णय करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस कदम ने महिलाओं के सदियों पुराने इंतजार को खत्म कर दिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि विपक्ष इस बिल का विरोध करता है, तो जनता के बीच उनकी महिला विरोधी छवि पूरी तरह बेनकाब हो जाएगी और उन्हें इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा।

1971 की पुरानी व्यवस्था से मिलेगी मुक्ति

डॉ. यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि देश अब तक 1971 की जनगणना के पुराने मानदंडों पर टिका हुआ था। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का यह फैसला लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाला है। नया परिसीमन हमारे लोकतांत्रिक ढांचे को नई ऊर्जा देगा। यह अधिनियम देश की आधी आबादी के लिए सत्ता और नीति-निर्धारण के द्वार खोलेगा, जिससे महिलाओं को शासन में अपना वास्तविक अधिकार और बल प्राप्त होगा।”

कांग्रेस की नीति और नीयत पर उठाए सवाल

विपक्ष की राजनीति पर बरसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल दिखावे के लिए महिला आरक्षण की बात करती है, लेकिन उनकी नीयत में खोट है। डॉ. यादव ने कहा कि जिस बिल का स्वागत उत्सव की तरह होना चाहिए था, उस पर कांग्रेस मीन-मेख निकाल रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि यदि उन्हें कोई आपत्ति है तो वे सदन में अपनी बात रखें, बाहर जनता के बीच इस कदम का विरोध करना उनकी संकुचित मानसिकता को दर्शाता है।

तीन तलाक का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस यह न भूले कि तीन तलाक जैसी अमानवीय प्रथा को संरक्षण देने का पाप उन्हीं के नाम है। आज जब भाजपा सरकार महिलाओं को सशक्त कर रही है, तो कांग्रेस को दर्द हो रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि जनता का भरोसा खोने के कारण ही कांग्रेस का जनाधार लगातार गिरता जा रहा है और महिलाएं देख रही हैं कि कौन उनके हित में है और कौन अहित में।

महिला सशक्तिकरण भाजपा की अडिग प्रतिबद्धता

अपनी सरकार का पक्ष रखते हुए डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति के लिए नहीं, बल्कि समाज सुधार के लिए निर्णय लेती है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के सम्मान और भागीदारी का एक नया अध्याय है, जिसे अब किसी भी तरह की नकारात्मक राजनीति से रोका नहीं जा सकेगा।

ये भी पढ़े : बिहार में नई सरकार का गठन : सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी बने डिप्टी सीएम

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply