मप्र : अभिभावकों का आरोप, स्कूलों में लड़कियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली जाती है

इंदौर प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

इंदौर| इंदौर के एक सरकारी स्कूल में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब कुछ नाराज अभिभावकों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन की घंटी बजने के बाद शिक्षक ने उनकी बेटियों के कपड़े उतारकर उनकी तलाशी ली और उनकी पिटाई की। शहर के मल्हारगंज थाने में कुछ अभिभावकों ने पहुंचकर बड़ा गणपति क्षेत्र स्थित शारदा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधन और शिक्षकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को स्कूल के कुछ शिक्षक कुछ छात्राओं को शौचालय में ले गए और मोबाइल फोन खोजने के लिए उनसे कपड़े उतारने को कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ छात्राओं की पिटाई भी की गई। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि एक छात्रा के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है और उसके अभिभावकों को सूचित कर दिया गया है। मल्हारगंज थाने के उपनिरीक्षक एम धुर्वे के अनुसार, माता-पिता द्वारा प्रस्तुत शिकायत आवेदन के आधार पर प्रारंभिक जांच की जा रही है और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply