मनरेगा ने गरीबों को अधिकार दिया था... राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा हमला, लोगों से की एक जुट होने की अपील

मनरेगा ने गरीबों को अधिकार दिया था… राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा हमला, लोगों से की एक जुट होने की अपील

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम’ (मनरेगा) की जगह लाए गए ‘विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम’ को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी तथा केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और लोगों का आह्वान किया कि वे सरकार के इस कदम के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों।

उन्होंने कांग्रेस के प्रकोष्ठ ‘रचनात्मक कांग्रेस’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘मनरेगा बचाओ मोर्चा’ में यह आरोप भी लगाया कि भाजपा ने तीनों ‘काले’ कृषि कानून लाकर किसानों के साथ जो किया था, वही अब वह मनरेगा को खत्म कर मजदूरों के साथ करना चाहती है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा एक ऐसा हिंदुस्तान चाहती है जिसमें एक राजा सारे फैसले करे तथा देश के गरीब, अदाणी और अंबानी पर पूरी तरह निर्भर हो जाएं। राहुल गांधी ने कहा, ”मनरेगा ने गरीबों को अधिकार दिया था। इसके पीछे यह सोच थी कि जिसे भी काम की जरूरत हो, वह सम्मान के साथ काम मांग सके। मनरेगा को पंचायती राज के तहत चलाया जाता था। मनरेगा में लोगों की आवाज थी, उनका अधिकार था- जिसे नरेन्द्र मोदी खत्म करने में लगे हैं।” उन्होंने कहा, ”कुछ साल पहले भाजपा ने ‘तीन काले कृषि कानून’ लाकर किसानों पर आक्रमण किया था लेकिन किसानों और हम सबने नरेन्द्र मोदी पर दबाव डाल कर उसे रोक दिया। अब उसी तरह का हमला मजदूरों पर करने की कोशिश हो रही है।”

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें नए अधिनियम का नाम भी नहीं याद है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि मनरेगा की जगह लाए गए नए कानून के तहत केंद्र सरकार निर्णय लेगी कि किस राज्य को कितना पैसा भेजा जाएगा। उनका कहना था, ”भाजपा शासित राज्य में ज्यादा पैसा जाएगा और विपक्ष शासित राज्य में कम पैसा जाएगा। केंद्र सरकार ही तय करेगी कि कब कहां काम होगा, किसको कितनी मजदूरी मिलेगी। जो अधिकार मजदूरों को मिलते थे, अब वह ठेकेदारों को मिलेंगे। भाजपा की विचारधारा है कि देश का धन, संपत्ति चुने हुए हाथों में हो और वही लोग इस देश को चलाएं।” राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया, ”भाजपा चाहती है कि देश से लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ की परिकल्पना खत्म हो जाए। ये लोग आजादी से पहले वाला हिंदुस्तान फिर से लाना चाहते हैं। भाजपा वाले डरपोक लोग हैं, इन्हें रोकने के लिए हमें एक साथ खड़ा होना होगा।” कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस दिन सब एकजुट हो गए, उस दिन मनरेगा फिर से बहाल हो जाएगा।

‘क्या है जी-राम-जी, मुझे नहीं पता’, राहुल के बयान पर भाजपा बोली- ये एंटी हिंदू हैं
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मनरेगा की जगह लाए गए जी-राम-जी गारंटी स्कीम का विरोध करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें इस नए कानून का नाम नहीं पता है। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम पर फोकस करने वाले एक इवेंट में कहा, ‘मुझे नहीं पता जी-राम-जी क्या है!’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इसी तरह की बात कही। इस पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियों ने कांग्रेस की हिंदू विरोधी मानसिकता को बेनकाब कर दिया है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?
दिल्ली के जवाहर भवन में कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा था, “मनरेगा ने हर गरीब व्यक्ति को रोजगार का अधिकार दिया… जिसे (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी खत्म करना चाहते हैं।” इसके साथ ही राहुल गांधी ने कृषि कानून का जिक्र करते हुए कहा, “कुछ समय पहले, किसानों ने सरकार पर दबाव डालकर कड़े कृषि कानून वापस करवा दिए थे… (अब) अगर हम सब साथ खड़े होते हैं तो ये लोग डरपोक हैं (और) मोदी जी पीछे हट जाएंगे और मनरेगा फिर से शुरू हो जाएगा।” इस बीच, मल्लिकार्जुन खरगे ने हमला करते हुए कहा कि भाजपा महात्मा गांधी का नाम लोगों की यादों से मिटाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस बजट सत्र के दौरान संसद में इस मुद्दे को फिर से उठाएगी।

विपक्ष बना रहा भाजपा पर दबाव
राहुल गांधी और खरगे की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब विपक्ष बीजेपी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे राज्यों में मनरेगा के समर्थन में प्रस्ताव पास करने के संकेत दिए। इसी सिलसिले में, आज सुबह कर्नाटक विधानसभा में तब हंगामा हुआ जब गवर्नर थावरचंद गहलोत ने राज्य सरकार द्वारा तैयार किया गया भाषण पढ़ने से मना कर दिया। उनका कहना था कि जी-राम-जी योजना की आलोचना की गई थी।

यह भी पढ़ें : प्रयागराज में वायुसेना का प्रशिक्षण विमान तालाब में गिरा, राहत-बचाव कार्य जारी
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply