बिहार चुनाव 2025 : महागठबंधन का घोषणापत्र जारी, हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का वादा

देश/प्रदेश बिहार राष्ट्रीय

एजेंसी, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस की अगुवाई वाले महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव जीतने पर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और वृद्धावस्था तथा विधवा पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये मासिककरने का वादा किया है। महगठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को यहां घोषणा पत्र जारी करते हुए चुनाव में अपनी जीत का दावा किया। गठबंधन पहले ही अपनी ओर से राजद के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर चुका है। घोषणा पत्र में राज्य में हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने , सामाजिक कल्याण को बढ़ाने के लिए वृद्धावस्था और विधवा पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह करने तथा दिव्यांग जनों को हर माह तीन हजार रूपये की वित्तीय मदद का वादा किया गया है। गठबंधन के नेताओं ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि उनकी बनने के तुरंत बाद सरकारी नौकरियां देने के लिए विधेयक लाया जाएगा और 20 माह के अंदर नौकरी की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। घोषणा पत्र में सरकारी विभागों के अस्थायी कर्मियों को पक्का करने तथा जीविका दीदियों को सरकारी कर्मी का दर्जा दे कर उनकी नौकरी भी पक्की करने का वायदा किया गया है। गठबंधन ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का भी वादा किया है। गठबंधन ने कहा है कि उसकी सरकार बनी तो उपभोक्ताओं को हर माह 200 इकाई बिजली मुफ्त दी जाएगी।

घोषणा पत्र में कहा गया है कि ‘माई-बहिन’ मान योजना को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के फार्म मुफ्त किये जाएंगे और परीक्षा शुल्क माफ किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं के पर्चे लीक करने वालों को कड़े दंड देने का कानून बनाने का भी वादा किया गया है। घोषणा पत्र जारी करने के अवसर पर राजद नेता तेज स्वी प्रसाद यादव, कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह और पवन खेड़ा, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) नेता दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी नेता मुकेश सहनी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता राम नरेश पांडे तथा गठबंधन के घटक दलों के कुछ अन्य नेता उपस्थित थे। इन नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अब तक घोषणा-पत्र जारी न करने और मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित न करने पर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘ प्रदेश में महागठबंध की सरकार सत्ता में आती है, तो वह बिहार के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे। इसके लिए एक अधिनियम लागू किया जाएगा और सरकार बनने के 20 महीनों के अंदर नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।” राजद नेता ने कहा आजीविका दीदियों को 30 हजार रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा। यादव ने आरोप लगाया कि राजग के नेता केवल नकारात्मक प्रचार में लगे हुए हैं। उनके पास कोई विजन नहीं है कि आने वाले दिनों में बिहार का विकास कैसे किया जायेगा।

Leave a Reply